Delhi Heavy Rain: दिल्ली में भारी बारिश का कहर, कालकाजी में पेड़ गिरने से बाइक सवार युवक की मौत, बेटी घायल
Delhi Heavy Rain: दिल्ली में गुरुवार 14 अगस्त को हुई तेज बारिश ने एक बार फिर राजधानी की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में बारिश के दौरान एक बड़ा नीम का पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। इस हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना हंसराज सेठी मार्ग पर हुई। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए सुना जा सकता है, "देखो, सामने नीम का पेड़ गिर गया है।

कार दब गई है। बाइक वाले की मौत हो गई है।" हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, सड़क पानी में डूब गई और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोग और पुलिस कर्मी मिलकर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश करते रहे।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आप विधायक और दिल्ली की पूर्व मंत्री आतिशी ने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा-"आज हंसराज सेठी मार्ग पर बारिश के दौरान पेड़ गिरने से एक युवा की मौत हो गई और एक लड़की जिंदगी के लिए लड़ रही है। इस बरसात में बीजेपी की नाकामी के कारण कई दिल्लीवासियों की जान जा चुकी है। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी को तुरंत पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा जी को बर्खास्त करना चाहिए।"
पुलिस ने क्या कहा?
हालांकि, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी हेमंत तिवारी ने कहा कि हादसे में दो लोग घायल हुए थे, जिन्हें एसीपी कालकाजी की देखरेख में पुलिस ने बचाया और AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि "अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है,"।
दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को दिल्ली के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है और दिनभर भारी बारिश की चेतावनी दी है। बीते 24 घंटों में सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग वेधशाला में 13.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, आया नगर में 57.4 मिमी, पालम में 49.4 मिमी, लोधी रोड पर 12 मिमी, प्रगति मैदान में 9 मिमी और पूसा में 5 मिमी वर्षा हुई।
बारिश से राजधानी का न्यूनतम तापमान गिरकर 23.6 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications