व्यापारियों-उद्योगपतियों के लिए 'दिल्ली पोर्टल' स्थापित करेगी केजरीवाल सरकार, दुनिया भर में बेच सकेंगे उत्पाद
दिवाली की पूर्व संध्या पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी के व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए 'दिल्ली बाजार' वेब पोर्टल की घोषणा की है।
नई दिल्ली, 3 नवंबर। दिवाली की पूर्व संध्या पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी के व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए 'दिल्ली बाजार' वेब पोर्टल की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली बाजार नाम से एक वेब पोर्टल बनाएगी जिस पर दिल्ली के व्यापारी और उद्योगपति न सिर्फ घरेलू बल्कि विदेशी ग्राहकों को भी अपने उत्पाद बेच सकेंगे।
Recommended Video

अगले साल तक तैयार हो सकता है पोर्टल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह पोर्टल अगले साल अगस्त तक तैयार हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली के राजस्व, जीडीपी और अर्थव्यवस्था को बड़े पैमाने पर बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस पोर्टल पर व्यवसाई, व्यापारी, निर्माता, बाजार और दुकानें न केवल अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर सकेंगे, बल्कि उन्हें शहर, देश और यहां तक कि विदेशों में भी बेच सकेंगे। सीएम ने कहा कि इस पोर्टल पर वर्चुअल मार्केट भी होंगे जहां लोग दुकानों के माध्यम से जा सकते हैं, अपनी पसंद के उत्पाद चुन सकते हैं और उन्हें खरीद सकते हैं। केजरीवाल ने कहा कि इस पर वर्चुअल प्रदर्शनियां भी होंगी।
एक उदाहरण देते हुए केजरीवाल ने कहा दिल्ली के हॉज खास और खान मार्केट और लाजपत नगर की सारी दुकानें इस पोर्टल पर दिखाई देंगी। आप पोर्टल पर जाएं और अपनी पसंद का सामान सर्च कर खरीदें।
यह भी पढ़ें: अगले तीन सालों में देशभर में 10,000 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लगाएगी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन
लोगों से की कोरोना को लेकर सावधानी बरतने की अपील
त्योहारों के इस सीजन में बाजारों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। इन सब को देखते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से कोरोना को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने लोगों से गुरुवार को त्यागराज स्टेडियम में शाम 7 बजे आकर दिवाली पूजा में शामिल होने को भी आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि जब 2 करोड़ लोग इस प्रार्थना में शामिल होंगे तो इससे दिल्ली के वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications