AAP सरकार का फैसला: दिल्लीवासियों को मिलेगा ई-हेल्थ कार्ड, अनधिकृत कॉलोनियों में होगा विकास
नई दिल्ली, 26 मार्च: दिल्ली की केजरीवाल सरकार अगले साल मार्च तक सभी अनधिकृत कॉलोनियों में सड़क, पानी की पाइपलाइन, सीवरेज नेटवर्क और ड्रेनेज कनेक्टिविटी देने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा दिल्ली सरकार अगले साल तक दिल्ली के लोगों को ई-स्वास्थ्य कार्ड (e-Health Card) भी मुहैया करेगी।

अनधिकृत कॉलोनियों को मार्च 2023 तक मिलेगा पानी
दिल्ली सचिवालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ अनाधिकृत कॉलोनियों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में इसका फैसला किया गया। अधिकारियों द्वारा अनाधिकृत कॉलोनियों में चल रहे सभी विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति से सीएम को रुबरु कराया। बैठक में संबंधित अधिकारियों ने केजरीवाल को बताया कि मार्च 2023 तक सभी अनधिकृत कॉलोनियों में सीवर, सड़क, पानी की पाइप लाइन और नालियों को विकसित करने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
इसी के साथ सीएम केजरीवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनाधिकृत कॉलोनियों में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता उत्तम हो और वहां रहने वाले निवासियों को बिना किसी परेशानी के सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएं। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा कुल 3,052-किलोमीटर के 30,606 नालों का निर्माण होना था जिसमें से 2,661-किलोमीटर की लंबाई के 27,576 नालों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, 391-किलोमीटर की लंबाई के लिए 3,030 नाले निर्माणाधीन हैं।
मार्च 2023 तक मिलेगा ई-हेल्थ कार्ड
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली (एचआईएमएस) के कार्यान्वयन से पहले ई-हेल्थ कार्ड वितरित करने का निर्देश दिया, जो मार्च 2023 से शुरू होने की उम्मीद है। केजरीवाल ने एचआईएमएस और ई-हेल्थ कार्ड प्रोजेक्ट में हुई प्रगति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
ई-हेल्थ कार्ड के जरिए दिल्लीवासियों को सभी योग्य योजनाओं और कार्यक्रमों के लिए मैप किया जाएगा और स्वास्थ्य कार्ड को सुचारू सूचना विनिमय के लिए स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली के साथ एकीकृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, 'बैठक में फैसला किया गया कि साल 2023 में एचआईएमएस लागू होने के साथ ही हर दिल्लीवासी को हेल्थ कार्ड भी दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications