Delhi: महिला समृद्धि योजना पर सियासी संग्राम, अतिशी बोलीं-मोदी जी की गारंटी निकली सिर्फ 'जुमला'!
Atishi: दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अतिशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला समृद्धि योजना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने ₹2500 देने की गारंटी दी थी, लेकिन योजना को लागू करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अतिशी ने कहा, "मोदी जी ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि 8 मार्च को योजना की पहली किस्त के रूप में ₹2500 दिए जाएंगे। लेकिन ना तो पैसा आया और ना ही इस योजना के नियम जारी किए गए हैं। पंजीकरण प्रक्रिया कब और कैसे होगी, इसका भी फैसला नहीं हुआ है।"

'गुमराह करने के लिए बनाई गई कमेटी'
अतिशी ने यह भी कहा कि सरकार ने योजना को टालने के लिए चार सदस्यीय कमेटी बना दी। उन्होंने कहा, "जब किसी योजना को ठंडे बस्ते में डालना होता है, तो एक कमेटी बना दी जाती है। यह साफ है कि मोदी जी की गारंटी एक 'जुमला' बनकर रह गई है।"
ये भी पढ़ें: 'गारंटी जुमला थी..' महिलाओं को 2500 रुपए देने की स्कीम, आतिशी ने सम्मान निधि पर उठाए सवाल
सोशल मीडिया पर भी साधा निशाना
अतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा, "दिल्ली चुनाव के दौरान मोदी जी ने कहा था कि महिला दिवस पर हर महिला के खाते में ₹2500 आएंगे। उन्होंने इसे 'मोदी की गारंटी' कहा था। आज 8 मार्च है-न पैसा आया, न पंजीकरण शुरू हुआ। सिर्फ चार सदस्यीय कमेटी बना दी गई। बड़ा शोर मचाया, पहाड़ खोदा और निकली चुहिया!"
उन्होंने भाजपा सरकार पर महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि "क्या यही मोदी जी की गारंटी थी? दिल्ली की भाजपा सरकार ने साबित कर दिया कि मोदी जी का वादा सिर्फ एक जुमला था। यह तो सिर्फ शुरुआत है, उनके संकल्प पत्र में किए गए बाकी वादे भी झूठे साबित होंगे।"
AAP नेता सौरभ भारद्वाज का 'वार'
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री की बात का बहुत महत्व होता है। उन्होंने कहा था कि 8 मार्च से महिलाओं के खातों में ₹2500 आने लगेंगे, लेकिन किसी को पैसा नहीं मिला।"
#WATCH | Delhi: AAP leader Saurabh Bhardwaj says, "The statement of a Prime Minister has a lot of weight... Prime Minister had promised the women of Delhi that before 8th March, Rs 2500 will start coming into their bank accounts... No money came into anyone's account. The second… pic.twitter.com/BqAfczusNf
— ANI (@ANI) March 9, 2025
उन्होंने रसोई गैस पर किए गए वादे को लेकर भी सवाल उठाए। "दूसरा वादा यह था कि महिलाओं को ₹500 में गैस सिलेंडर मिलेगा और होली और दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर मिलेगा। होली अब सिर्फ 5 दिन दूर है, कहीं यह भी टालने के लिए नई कमेटी न बना दें!"
दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना को दी मंजूरी
इस बीच, दिल्ली सरकार ने शनिवार को महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी। यह ₹5100 करोड़ की वार्षिक योजना है, जिसका उद्देश्य राजधानी की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
क्रिकेट टीम को दी शुभकामनाएं
सरकार पर हमला करने के साथ-साथ अतिशी ने भारतीय क्रिकेट टीम को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "जब क्रिकेट का मैच होता है तो सिर्फ 11 खिलाड़ी मैदान में होते हैं, लेकिन पूरा देश उन्हें उम्मीदों से देखता है। मैं प्रार्थना करती हूं कि आज के फाइनल में टीम इंडिया शानदार जीत हासिल करे और ट्रॉफी भारत लाए।"
ये भी पढ़ें: 'मेरी जिंदगी खतरे में', राजा भैया के खिलाफ पत्नी ने दिल्ली में कराई FIR, आखिर ऐसा क्या हुआ जो बिगड़ गई बात












Click it and Unblock the Notifications