'मेरी जिंदगी खतरे में', राजा भैया के खिलाफ पत्नी ने दिल्ली में कराई FIR, आखिर ऐसा क्या हुआ जो बिगड़ गई बात
Raghuraj Pratap Singh (Raja Bhaiya): उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता और यूपी के पूर्व मंत्री कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की मुश्किलें अब बढ़ने वाली हैं। राजा भैया के खिलाफ उनकी पत्नी भानवी सिंह ने दिल्ली के थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। भानवी सिंह ने राजा भैया और ससुराल पक्ष पर क्रूरता या अत्याचार के आरोप लगाए हैं। राजा भैया के खिलाफ सफदरगंज एन्क्लेव थाना में आईपीसी की धारा 498ए के तहत केस दर्ज किया गया है।
भानवी सिंह और राजा भैया का पहले से ही तलाक केस कोर्ट में चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रतापगढ़ के शाही परिवार से संबंध रखने वाली भानवी कुमारी सिंह ने शिकायत में कहा है कि उन्हें अपनी जिंदगी पर खतरा महसूस हो रहा है। भानवी सिंह ने शिकायत में कहा है कि उनके पति ने उन्हें सालों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है।

भानवी सिंह बोलीं- लगातार मारपीट की वजह मुझे बहुत नुकसान हुआ है
भानवी सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया है कि लगातार हुए उनके साथ मारपीट की वजह से उनके शरीर को बहुत नुकसान हुआ है। भानवी सिंह ने कहा, ''मुझे अपनी जिंदगी पर खतरा महसूस हो रहा है। मुझे बहुत टॉर्चर किया जाता था। अगर मैं विरोध करती थी तो मेरे पति हिंसा पर उतारू हो जाते थे।'' एक वक्त भानवी सिंह की हालत ऐसी हो गई थी कि 23 अप्रैल 2015 को उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था।
भानवी सिंह का दावा- पत्रकार से था राजा भैया का रिलेशन, कई महिलाओं से है अवैध संबंध
भानवी सिंह ने अपने पति राजा भैया को लेकर दावा किया है कि कई महिलाओं के साथ उनका अवैध संबंध है। भानवी सिंह ने कहा है कि राजा भैया का एक महिला पत्रकार से अफेयर भी चल रहा है।
भानवी सिंह ने दावा किया है कि जब उन्होंने इसका एक बार विरोध किया था तो राजा भैया ने उन्हें फायरिंग कर मारने की कोशिश भी की थी। भानवी सिंह ने पति पर बच्चों की भी उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। इसी वजह से बच्चों का पूरा खर्चा भानवी सिंह ही उठाती हैं। राजा भैया का दावा है कि भानवी उनकी संपत्ति हड़पना चाहती हैं।
भानवी सिंह बोलीं- शादी के बाद से ही घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हूं
भानवी सिंह का कहना है कि 1994 में उनकी शादी के बाद से ही करीब तीन दशक तक उनके साथ घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार और विवाहेतर संबंध रहे हैं। तलाक के मामले की सुनवाई फिलहाल दिल्ली के साकेत कोर्ट में चल रही है।
भानवी सिंह ने आरोप लगाया है कि उसने अपने पति द्वारा उसके साथ उदासीनता और क्रूरता से पेश आने के बावजूद अपने विवाह को बचाने और सुलह करने के लिए कई प्रयास किए हैं।
भानवी ने आरोप लगाया कि राजा भैया अक्सर "डांस बार" जाते थे और कई महिलाओं के साथ संबंध रखते थे, जबकि उन्हें उनके साथ रहने का मौका नहीं दिया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने अपने पति के संबंधों पर आपत्ति जताई तो उन्हें शारीरिक शोषण, अपमान और उनके वैवाहिक घर से बेदखल कर दिया गया।
भानवी ने 2016 में एक घटना का जिक्र किया जब राजा भैया ने अपने एक साथी के साथ वीडियो कॉल के दौरान शराब के नशे में कथित तौर पर उन पर दो बार बंदूक चलाई। भानवी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपनी नाबालिग बेटी को उसके पिता के प्रभाव से बचाने के लिए दिल्ली के एक स्कूल में दाखिला दिलाया, तो राजा भैया ने बच्ची के साथ शारीरिक रूप से मारपीट की, जिससे उसकी सुनने की क्षमता हमेशा के लिए चली गई।












Click it and Unblock the Notifications