दिल्ली के प्रताप नगर में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, एक शख्स की मौत
फायर ब्रिगेड की 28 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। दिल्ली के प्रताप नगर इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग गई, जिसके बाद आस-पास के इलाकों में भी हड़कंप मच गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 28 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। अभी तक की जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल से एक व्यक्ति का शव निकाला गया है। फिलहाल फायर ब्रिगेड़ की गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश में लगी हैं। मौके पर दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए हैं।
Recommended Video

दिल्ली फायर विभाग के अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने घटना के बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया, 'प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री में शनिवार सुबह एक सिलेंडर में विस्फोट हुआ और इसके बाद आग लगी। आग बुझाने की कोशिश में फायर विभाग का एक जवान घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर फायर ब्रिगेड की 28 गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश में लगी हैं और जल्द ही हालात पर काबू पा लिया जाएगा। अभी तक घटनास्थल से एक शव बरामद हुआ है।'
फैक्ट्री में काम कर रहे थे 40 मजदूर
बताया जा रहा है कि जिस समय फैक्ट्री में आग लगी, उस वक्त करीब 40 मजदूर अंदर काम कर रहे थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। जिस फैक्ट्री में आग लगी है, उसमें कॉ़स्मेटिक, बच्चों के खिलौने और बैग बनाने का काम होता था। आस-पास के लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में आग शनिवार तड़के करीब 4 बजे लगी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात की जानकारी ली।












Click it and Unblock the Notifications