Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में इन 5 महिला उम्मीदवारों पर सबकी नजर, जानें हार-जीत का समीकरण
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार का आज 03 फरवरी को आखिरी दिन है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 5 फरवरी को मतदान होने हैं। वहीं नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। दिल्ली चुनाव में इस बार 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों ने 96 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है।
भाजपा ने कुल 9 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। 96 महिला उम्मीदवारों में से इस बार पांच महिला प्रत्याशियों पर सबकी नजर है। ये पांच महिला उम्मीदवार वो हैं, जो दिल्ली की राजनीति में अहम भूमिका निभाती हैं। इसमें आप की कालकाजी सीट से उम्मीदवार आतिशी से लेकर कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा और भाजपा प्रत्याशी शिखा राय हैं। शिखा राय आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

🔴 1. आतिशी (कालकाजी विधानसभा सीट)
दिल्ली की मुख्यमंत्री और आप उम्मीदवार आतिशी इस बार दिल्ली की सबसे प्रमुख महिला उम्मीदवारों में से एक हैं। सीएम बनने से पहले भी आतिशी दिल्ली में आप का एक प्रमुख चेहरा रही हैं। वो शुरुआत से आम आदमी पार्टी के साथ हैं।
2013 और 2015 में विधानसभा चुनाव में आतिशी ने चुनाव नहीं लड़ा था। आतिशी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के जरिए राजनीति में कदम रखा था। वो पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार थीं लेकिन भाजपा उम्मीदवार और क्रिकेटर गौतम गंभीर ने आतिशी को 4.77 लाख वोटों के अंतर से हराया था। उस चुनाव में आतिशी तीसरे नंबर पर थीं।
2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप ने कालकाजी से आतिशी को उम्मीदवार बनाया, जिसमें वो 11 हजार वोटों के अंतर से जीती थीं। इसके बाद एक बार फिर से आतिशी पर कालकाजी से आप ने भरोसा जताया है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ अलका लांबा और भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को उतारा है।
🔴 2. शिखा राय (ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट)
दिल्ली चुनाव में भाजपा का प्रमुख महिला चेहरा शिखा राय है। शिखा राय ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट आप के उम्मीदवार दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज हैं। शिखा राय पेशे से वकील हैं। ये दिल्ली भाजपा का प्रमुख चेहरा हैं। शिखा राय ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट की वार्ड संख्या 173 से दूसरी बार पार्षद भी हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में भी भाजपा ने शिखा राय को ग्रेटर कैलाश से टिकट दिया था। लेकिन शिखा 17 हजार से ज्यादा वोटों से सौरभ भारद्वाज से हार गई थीं। 2023 के मेयर चुनाव में शिखा राय को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया था लेकिन वो फिर से हार गई थीं। शिखा राय दिल्ली यूनिट में महामंत्री के पद पर रह चुकी हैं।
🔴 3. अलका लांबा (कालकाजी विधानसभा सीट)
अलका लांबा को कांग्रेस ने इस बार कालकाजी विधानसभा सीट से टिकट दिया है। अलका लांबा ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। अलका लांबा का राजनीतिक करियर 30 सालों का है।
2003 में अलका लांबा ने दिल्ली की मोती नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन हार गई थीं। 2014 में वो कांग्रेस छोड़कर आप में गई थीं। इसके बाद 2015 में विधानसभा चुनाव में अलका लांबा ने चांदनी चौक से आप उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत गई थीं। हालांकि 2019 में अलका लांबा आप छोड़कर फिर कांग्रेस में आ गई थीं। 2020 में वो चांदनी चौक से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ी थीं लेकिन हार गई थीं।
🔴 4. राखी बिड़लान (मादीपुर विधानसभा सीट )
आम आदमी पार्टी ने राखी बिड़लान को मादीपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया है। राखी बिड़लान 2011 से ही केजरीवाल के साथ जुड़ी रहील हैं। राखी बिड़लान आप की सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में राखी बिड़लान उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की सीट से चुनाव लड़ी थीं लेकिन वो भाजपा उम्मीदवार उदित राज से हार गई थीं।
राखी बिड़लान 2016 में दिल्ली विधानसभा में डिप्टी स्पीकर थीं। 2020 के चुनाव में राखी बिड़लान मंगोलपुरी सीट से 30 हजार वोटों से जीती थीं।
🔴 5. अरीबा खान (ओखला विधानसभा सीट)
दिल्ली चुनाव में इस बार सबसे युवा महिला उम्मीदवार अरीबा खान भी सुर्खियों में हैं। कांग्रेस ने ओखला विधानसभा सीट से 31 साल की अरीबा खान को टिकट दिया है। अरीबा खान कांग्रेस नेता आसिफ मोहम्मद खान की बेटी हैं। आसिफ मोहम्मद खान दो बार से ओखला विधानसभा सीट से विधायक हैं। अरीबा खान 2022 में पार्षद चुनी गई थीं। इस बार अरीबा खान आप उम्मीदवार और विधायक अमानतुल्लाह खान को चुनौती दे रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications