Delhi Election 2025: दिल्ली की इन 5 विधानसभा सीटों के समीकरण को लेकर कांग्रेस से नाराज हैं केजरीवाल!
Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस में तकरार बढ़ने लगी है। आप और कांगेस की नाराजगी से विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक को झटका भी लगा है। इतना ही नहीं दिल्ली चुनाव से पहले विपक्षी एकता को बड़ा झटका देते हुए आप ने कांग्रेस को इंडिया ब्लॉक से बाहर करने की भी बात की है।
आप कांग्रेस से नाराज है क्योंकि उसने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उन पर कल्याणकारी योजनाओं के नाम पर वादों के साथ जनता को "गुमराह करने और धोखा देने" का आरोप लगाया गया है। इस वजह के अलावा दिल्ली विधानसभा के कुछ सीटों के समीकरण भी ऐसे बन रहे हैं, जिसकी वडह से कांग्रेस और आप की नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नई दिल्ली विधानसभा सीट से लेकर जंगपुरा सीट तक के समीकरण ऐसे बन रहे हैं, जिसकी वजह से आप की कांग्रेस से नाराजगी बढती जा रही है। आप को कांग्रेस के दिल्ली चुनाव में मजबूती के आने से खतरा हो रहा है। उन्हें डर है कि उनका वोट बैंक कहीं कांग्रेस को ट्रांसफर ना हो जाए।
आइए जानें दिल्ली की 5 विधानसभा सीटों के क्या है समीकरण?
1. नई दिल्ली विधानसभा सीट: AAP के प्रमुख अरविंद केजरीवाल VS कांग्रेस के संदीप दीक्षित
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आप के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को टिकट दिया है। शीला दीक्षित को हराने के लिए केजरीवाल ने उन्हें दिल्ली में भ्रष्टाचार का चेहरा बनाया था और अब इस चुनाव में खुद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। कांग्रेस ने अपनी पहली ही लिस्ट में नई दिल्ली सीट से संदीप को मैदान में उतारकर आप को ये संदेश दिया है कि वे इस चुनाव में उनका हराने के मंशा से आए हैं। दूसरी ओर भाजपा ने भी पश्चिमी दिल्ली के पूर्व सांसद परवेश वर्मा को इस सीट से टिकट देने वाली है। ऐसे में इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले में गेंद किसी के भी पासे में जा सकती है। केजरीवाल खुद अपनी सीट को लेकर इस बार आश्वस्त नहीं दिख रहे हैं।
2. जंगपुरा विधानसभा सीट: AAP के पूर्व डिप्टी सीएम सिसोदिया VS कांग्रेस के फरहाद सूरी
10 सालों की एंटी इनकंबेंसी की वजह से आप ने इस बार मनीष सिसोदिया को पटपड़गंज की जगह जंगपुरा विधानसभा सीट से टिकट दिया है। आप को लगा कि ये सीट सिसोदिया के लिए सेफ हो सकती है लेकिन फिर कांग्रेस ने फरहाद सूरी को जंगपुरा से टिकट दे दिया। फरहाद सूरी 15 साल पहले दिल्ली के मेयर रह चुके हैं। फरहाद सूरी की मां ताजदार बाबर दिल्ली की सबसे प्रतिष्ठित महिला नेताओं में एक रही हैं। इनके परिवार का जंगपुरा में अच्छी पकड़ रही है।

3. बल्लीमारान विधानसभा सीट: AAP के मंत्री इमरान हुसैन VS कांग्रेस के हारून यूसुफ
पुरानी दिल्ली की बल्लीमारान सीट यूं तो आप पार्टी की सेफ सीट मानी जाती है, लेकिन आप के उम्मीदवार इमरान हुसैन के खिलाफ कांग्रेस ने इस सीट पर शीला सरकार में मंत्री रहे हारून यूसुफ को टिकट दिया है। 50 फीसदी मुस्लिम आबादी वाली इस सीट पर अब कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। अभी इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार के घोषणा के बाद कहानी और दिलचस्प होगी।
4. सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट: AAP के मंत्री मुकेश अहलावत VS कांग्रेस के जय किशन
दलित बहुल सीट सुल्तानपुर माजरा सीट पर आप ने वर्तमान विधायक मुकेश अहलावत को टिकट दिया है। मुकेश अहलावत को इस बार इस सीट पर एंटी इनकंबेंसी का डर सता रहा है। कांग्रेस उम्मीदवार जय किशन 2015 और 2020 में अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए थे लेकिन अगर दलित और मुस्लिम वोटरों ने पाला बदला तो आप को झटका लग सकता है। इस सीट पर 1993 से 2013 तक जय किशन विधायक रह चुके हैं।
5. बाबरपुर विधानसभा सीट: AAP के मंत्री गोपाल राय VS कांग्रेस से हाजी इशराक
बाबरपुर विधानसभा सीट पर आप ने फिर से गोपाल राय पर भरोसा जताया है। गोपाल राय लगातार बाबरपुर से जीतते आ रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने इस सीट पर आम आदमी पार्टी छोड़कर आने वाले नेता हाजी इशराक को टिकट दिया है। इशराक साल 2015 से 2020 में सीलमपुर सीट से विधायक रहे हैं। लेकिन इस बार कांग्रेस की ओर से बाबरपुर में गोपाल राय को टक्कर देंगे। इस सीट वपर 40 फीसदी मुस्लिम आबादी है, अगर कांग्रेस की ओर मुस्लिम वोटर शिफ्ट होते हैं तो नुकसान आप को होगा।












Click it and Unblock the Notifications