क्या परवेश वर्मा वोट के लिए महिलाओं को दे रहे हैं 1100 रुपये? केजरीवाल का आरोप, अब BJP नेता ने किया पलटवार
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और पू्र्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता परवेश वर्मा पर बड़ा आरोप लगाया है। केजरीवाल ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, ''ये लोग हर वोटर को 1100 रुपये दे रहे हैं और कह रहे हैं कि उनकी पार्टी को वोट देना। ये आप जरूरतमंदों की मदद कर रहे हो या खुलेआम वोट खरीद रहे हो? आपके पिताजी को आज शर्म आ रही होगी आप जैसे देशद्रोही बेटे पर।''
आप के इन आरोपों पर अब गुरुवार 26 दिसंबर को भाजपा नेता परवेश वर्मा ने जवाब दिया है। परवेश वर्मा ने कहा है कि ''मैं माताओं बहनों की मदद कर रहा हूं, और अरविंद केजरीवाल मुझे मुझे देशद्रोही कह रहे हैं।'' ऐसी चर्चा है कि भाजपा नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ परवेश वर्मा को टिकट दे सकती है।

अरविंद केजरीवाल ने अपने पोस्ट में क्या-क्या आरोप लगाए?
अरविंद केजरीवाल ने अपने पहले पोस्ट में वोटरों को 1100 रुपये में खरीदने को लेकर भाजपा नेता परवेश वर्मा पर आरोप लगाया। उन्होंने अपने दूसरे पोस्ट में कहा, ''ये कह रहा है कि उसके घर से कोई महिला खाली हाथ नहीं जाएगी। आज से पूरी दिल्ली की महिलाएं उसके घर जाकर पैसे ले आए।''

एक अन्य पोस्ट में केजरीवाल ने कहा, ''ये लोग चुनाव नहीं लड़ते, बस बेईमानी करते हैं। इस बार दिल्ली के चुनाव में इनकी एक-एक करतूत देश के सामने आएगी। पूरे देश के सामने ये लोग बेनकाब होंगे।'' अपने एक अन्य पोस्ट में केजरीवाल ने कहा कि ''मैं अभी अपनी नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों से आ रहा हूं। हर जगह लोगों ने बताया कि ये लोग खुले आम वोट खरीद रहे हैं। एक वोट के 1100 दे रहे हैं। लोगों ने कहा कि लोग इनसे पैसे ले लेंगे लेकिन इन्हें वोट नहीं देंगे।''
अपने आखिरी पोस्ट में केजरीवाल महिलाओं के कहा है कि ''दिल्ली की सभी महिलाओं से मेरी प्रार्थना है कि आप रोज इनके घर कल से पैसे लेने जाइए।''
Parvesh Verma News: परवेश वर्मा बोले- मैं तो बस मदद कर रहा हूं
परवेश वर्मा ने एक वीडियो साझा करते हुए अरविंद केजरीवाल के आरोपों पर जवाब दिया है। प्रवेश वर्मा ने कहा है कि वह तो सिर्फ माताओं-बहनों की मदद कर रहे हैं। प्रवेश वर्मा द्वारा साझा किए गए वीडियो में महिला को कहते हुए सुना जा सकता है कि ''प्रवेश जी ने जो बोला है, वो करके दिखाया है, अपने बीच में बुलाकर उन्होंने सबकी सुनी है।'' एक अन्य महिला वीडियो में कहती हैं, ''प्रवेश सर, जो बोल रहे हैं, वही कर रहे हैं और वो जो कर रहे हैं, हमें बहुत अच्छा लग रहा है।''
परवेश वर्मा का दावा- NGO राष्ट्रीय स्वाभिमान के तहत मैं महिलाओं के वित्तीय सहायता दे रहा हूं
परवेश वर्मा ने आप पर पलटवार करते हुए कहा,
''भारी बिजली बिल और दूषित पानी से लोगों की दुर्दशा के बारे में सुनने के बाद... मैंने अपने पिता द्वारा स्थापित एक गैर सरकारी संगठन राष्ट्रीय स्वाभिमान के माध्यम से महिलाओं की मदद के लिए 1,100 रुपये की वित्तीय सहायता की योजना शुरू की है।''
उन्होंने कहा, "मैं केजरीवाल के विपरीत मुफ्त शराब नहीं बांट रहा हूं। जब पूरी दुनिया, देश और यह शहर महामारी से पीड़ित था, तो केजरीवाल ने शराब पर 'वन प्लस वन स्कीम' की पेशकश की, जबकि राष्ट्रीय स्वाभिमान 24×7 राहत कार्य में लगा हुआ था। इसके अलावा, केजरीवाल महामारी के चरम पर अपना 'शीश महल' बनाने में व्यस्त थे।"
क्या परवेश वर्मा वोट के लिए महिलाओं को दे रहे हैं 1100 रुपये? क्यों और कैसे उठा ये विवाद?
असल में भाजपा नेता परवेश वर्मा की तस्वीर वाला एक पीला और नारंगी पैम्पलेट वायरल हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि इस पैम्पलेट को लेकर दिल्ली के पूर्व सांसद परवेश वर्मा के घर के बाहर कई महिलाओं को खड़ा देखा गया है। इन महिलाओं का दावा है कि ''उन्हें बताया गया है कि लाडली योजना के लिए पंजीकरण हो रहा है और अगर हम पंजीकरण कराते हैं, तो हमें अभी 1,100 रुपये मिलेंगे और अगर दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देते हैं तो उनके खाते में 2,500 रुपये आएंगे।''
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक पैम्पलेट पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा की तस्वीरें भी हैं। इसमें दिल्ली के पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा, परवेश के पिता की तस्वीर है। पैम्पलेट पर लिखा है, ''लाडली योजना (1,100 रुपये मासिक सहायता)' नीचे लाभार्थियों का विवरण लिखने और फोटो चिपकाने के लिए जगह थी। सबसे नीचे कार्ड पर लिखा था, "नारी का सम्मान, राष्ट्रीय स्वाभिमान।"
सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने इस पैम्पलेट की तस्वीरें शेयर की हैं...
मुख्यमंत्री आतिशी ने परवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की
इस खबर के फैलने के बाद आप और भाजपा के बीच तीखी राजनीतिक बहस छिड़ गई। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने परवेश वर्मा को "देशद्रोही" करार दिया। मुख्यमंत्री आतिशी ने परवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की और उन पर "पैसे के बल पर मतदाताओं को खरीदने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
आतिशी ने कहा, ''मैं ईडी-सीबीआई और दिल्ली पुलिस से परवेश वर्मा के आवास पर छापा मारने का आग्रह करती हूं। विश्वसनीय जानकारी है कि वहां अभी भी करोड़ों रुपये नकद पड़े हैं। अगर ये एजेंसियां अभी कार्रवाई करती हैं, तो भाजपा की अनैतिक प्रथाओं का सच पूरे देश के सामने आ जाएगा।''
परवेश वर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पिता द्वारा स्थापित एक एनजीओ के माध्यम से महिलाओं की मदद के लिए 1,100 रुपये की वित्तीय सहायता योजना शुरू की है। निर्मल की तरह कई लोग बाहर इंतजार कर रहे थे।
अरविंद केजरीवाल का दावा- परवेश वर्मा भाजपा के सीएम चेहरे हैं
नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चौथी बार चुनाव लड़ रहे केजरीवाल ने दावा किया कि वर्मा भाजपा के सीएम चेहरे हैं और लोगों से पूछा कि क्या वे ऐसे व्यक्ति को अपना सीएम चाहते हैं।
भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है, लेकिन सूत्रों ने कहा था कि परवेश वर्मा को नई दिल्ली से मैदान में उतारा जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications