Delhi Election 2025: दिल्ली चुनाव से एक दिन पहले आतिशी पर FIR दर्ज, केजरीवाल का चुनाव आयोग पर वार
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में मतदान से ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस ने गोविंदपुरी में हुए एक हंगामे के संबंध में मामला दर्ज किया है। आतिशी पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगा है। इस पर सीएम आतिशी ने चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, इस पूरे मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है।

किस मामले में दर्ज हुई FIR?
बता दें कि घटना तब हुई जब मुख्यमंत्री आतिशी अपने समर्थकों के साथ प्रचार करने के लिए गोविंदपुरी क्षेत्र में पहुंचीं। यह घटना 4 फरवरी को सुबह 12:30 बजे के आस-पास की है, जब वह कालकाजी से AAP उम्मीदवार के रूप में 50-70 लोगों और 10 वाहनों के साथ फतेह सिंह मार्ग की ओर जा रही थीं। दिल्ली पुलिस के डीसीपी ने बताया कि इस दौरान पुलिस ने चुनाव प्रचार का समय खत्म होने पर उन्हें आदर्श आचार संहिता के तहत प्रचार बंद करने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके, सीएम आतिशी और उनके समर्थकों ने प्रचार जारी रखा, जिसके बाद गोविंदपुरी पुलिस ने आदर्श आचार संहिता और अन्य कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
क्या बोलीं आतिशी?
मामला दर्ज होने के बाद सीएम आतिशी ने चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भी गजब है। रमेश बिधूड़ी के सदस्य खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। उन पर कोई एक्शन नहीं लिया जाता। मैंने शिकायत कर के पुलिस और इलेक्शन कमीशन को बुलाया, और इन्होंने मेरे ऊपर केस दर्ज कर दिया! राजीव कुमार जी आप चुनावी प्रक्रिया कि कितनी धज्जियां उड़ायेंगे।
केजरीवाल ने क्या कहा?
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स पर पोस्ट के जरिए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस का यह कदम सिर्फ आम आदमी पार्टी के खिलाफ एक साजिश का हिस्सा है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने खुलेआम हो रही गुंडागर्दी के खिलाफ शिकायत करने पर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। उन्होंने यह भी कहा कि रमेश बिधूड़ी के परिवार के सदस्य खुलेआम आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। यह दोनों संस्थाएं भाजपा के पक्ष में काम कर रही हैं और आम आदमी पार्टी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। केजरीवाल ने कहा कि चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस का काम अब सिर्फ आम आदमी पार्टी के खिलाफ प्रचार करना और भाजपा की गुंडागर्दी को संरक्षण देना रह गया है।












Click it and Unblock the Notifications