Delhi Election 2025: भाजपा का बड़ा दावा- AAP ने तुड़वा डाले दिल्ली के 24 मंदिर, इसके लिए फतवा जारी किए गए थे
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भारतीय जनता पार्टी ( बीजेपी) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच जंग तेज हो गई है। चुनाव के नजदीक आते ही दोनों ही पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब भाजपा ने केजरीवाल की आम आदमी (AAP) पर देश की "सबसे बड़ी हिंदू विरोधी पार्टी" होने का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर 2016 से 2023 के बीच दिल्ली में 24 मंदिरों को ध्वस्त करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ये दावा करते हुए कुछ दस्तावेज पेश किए और आरोप लगाया कि आप की सरकार में दिल्ली के 24 मंदिरों को ध्वस्त करने का आदेश दिया था।

पूनावाला ने ये भी आरोप लगाया कि मंदिरों को ध्वस्त करने के लिए केजरीवाल सरकार ने "फतवा" जारी किया। उन्होंने कहा मीडिया के जरिए जो दस्तावेज सार्वजनिक डोमेन में साने आए हैं, उससे साफ जाहिर होता है कि इस देश या दुनिया में आम आदमी पार्टी से अधिक धोखेबाज कोई पार्टी नहीं है।
24 मंदिरों को ध्वस्त करने के लिए "फतवा" जारी किया
पूनावाला ने कहा "जो लोग दूसरों पर आरोप लगाते हैं उनका ट्रैक रिकॉर्ड क्या है? उन्होंने कहा 2016 से 2023 तक, हस्ताक्षर वाले दस्तावेज़ों से पता चलता है कि कैसे AAP के मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने लगभग 24 मंदिरों को ध्वस्त करने के लिए फतवा जारी किया।"
हरीश खुराना, आशीष सूद और प्रवीण शंकर कपूर सहित भाजपा नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार में दिल्ली में धार्मिक स्थलों के प्रबंधन की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि आप के कार्यकाल में 24 मस्जिदें बनीं, लेकिन एक भी हिंदू मंदिर नहीं बनाया गया।
AAP ने मस्जिद बनवाई एक भी मंदिर नहीं बनवाया
भाजपा ने कहा यह हिंदू धर्म और उसके अनुयायियों के प्रति आप सरकार में उदासीनता का बड़ा उदाहरण है।। भाजपा ने खुलासा किया कि "2016 में एक मस्जिद बनाई गई और 2023 में एक और मज्जिद बनाई गई लेकिन इस दौरान एक भी मंदिर नहीं बनाया गया। इससे साफ दिखता है कि आम आदमी पार्टी की सरकार की प्राथमिकताएं कहां हैं।"
AAP हिंदू उत्सवों पर प्रतिबंध लगाती है
इसके साथ ही भाजपा ने हिंदू त्योहारों के उत्सव के खिलाफ़ आदेश जारी करने के लिए AAP की भी आलोचना की, और इसकी तुलना अन्य धार्मिक आयोजनों में सभाओं के लिए दी गई अनुमति से की। भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा "जबकि वे अन्य समुदायों को अपने त्योहार मनाने की आज़ादी देते हैं, वे हिंदू उत्सवों पर प्रतिबंध लगाते हैं। यह उनके हिंदू विरोधी एजेंडे का स्पष्ट सबूत है।"
भाजपा ने दिल्ली के 22 मंदिरों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण की घोषणा
इसके साथ ही भाजपा ने चांदनी चौक, तिलक नगर और रोहिणी जैसे क्षेत्रों में 22 मंदिरों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण की महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की है। इसके साथ ही कहा "भाजपा हिंदू संस्कृति और धर्म की रक्षा और उसे बढ़ावा देने के अपने संकल्प पर अडिग है। इन मंदिरों के जीर्णोद्धार की हमारी योजना हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।"
भाजपा के इन आरोपों पर क्या बोली AAP?
AAP ने इन आरोपों का खंडन करते हुए पलटवार किया है। उनका तर्क है कि उनका शासन हमेशा समावेशी रहा है, बिना किसी पक्षपात के सभी धार्मिक समुदायों के विकास और कल्याण पर ध्यान केंद्रित किया है। AAP प्रवक्ता ने कहा "भाजपा के आरोप निराधार हैं। हमारे कार्यकाल के दौरान हमारे कार्य सभी दिल्लीवासियों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को साबित करते हैं, चाहे उनका धर्म कुछ भी हो।"












Click it and Unblock the Notifications