Delhi Election 2025: बीजेपी को क्यों बनानी पड़ी नैरेटिव कमेटी? पहली बार कर रही है यह प्रयोग
Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने एक नैरेटिव समिति बनाई है। इसकी कमान नई दिल्ली से पार्टी सांसद बांसुरी स्वराज को सौंपी गई है। ऐसा पहली बार है कि भारतीय जनता पार्टी को चुनावों में नैरेटिव तैयार करने के लिए नेताओं की समिति बनानी पड़ी है। दरअसल, इसके पीछे लोकसभा चुनाव से पार्टी को मिली वह सीख है, जिसपर अब पार्टी कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।
बीजेपी ने नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद बांसुरी स्वराज को दिल्ली चुनावों के लिए बनाई गई नैरेटिव कमेटी का संयोजक बनाया गया है। उनके साथ इस कमेटी में कपिल मिश्रा, राजीव बब्बर और प्रदीप भंडारी जैसे नेताओं को सदस्य के तौर पर शामिल किया है।

Delhi Election 2025: बीजेपी ने ली लोकसभा चुनावों से सीख
2024 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी कहां 400 पार के नारे लगा रही थी और कहां पार्टी सिर्फ 240 सीटों पर सिमट गई। यह 2019 के 303 और 2014 के 282 सीटों के मुकाबले काफी कम है। बीजेपी के लोगों में यह आम धारणा है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में कमजोर विपक्ष के बावजूद भाजपा की सीटें इसलिए घट गईं, क्योंकि वह अपने खिलाफ कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक की ओर से चलाई गई कथित गलत नैरेटिव का काट समय रहते नहीं खोज पाई या उसे गंभीरता से नहीं लिया।
इसे भी पढ़ें- Delhi Election 2025: दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभा सीट नरेला पर कांग्रेस के बाद अब AAP के पास सबसे बड़ा मौका
Delhi Election 2025: विपक्ष के झूठे नैरेटिव की काट खोजेगी समिति- भाजपा सूत्र
भारतीय जनता पार्टी सूत्र की मानें तो बीजेपी की नैरेटिव समिति के पास विरोधी दलों के हर 'गलत' नैरेटिव की काट ढूंढ़ने की भी जिम्मेदारी रहेगी और पार्टी की ओर से पॉजिटिव नैरेटिव भी तैयार की जाएगी, जिसे चुनाव अभियान में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
Delhi Election 2025: 'आप' के खिलाफ हर लड़ाई लड़ने के मूड में बीजेपी
दिल्ली में यूं तो बीजेपी का मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस से होना है। लेकिन, पार्टी को असली चुनौती आप से ही मिलने की संभावना है। माना जाता है कि चुनावी नैरेटिव तैयार करने में आम आदमी पार्टी के नेता बहुत ही माहिर हो चुके हैं। गुजरात, गोवा से लेकर हरियाणा विधानसभा चुनावों तक में दिख चुका है कि पार्टी चुनावी माहौल बनाने में कभी पीछे नहीं रही है।
लेकिन, दिल्ली की बात अलग है। यहां आप की एक दशक से सरकार है। उसके पास वोटरों के लिए मुफ्त पानी-बिजली जैसे मुद्दे हैं। इस चुनाव से पहले भी आप सरकार की ओर से कई तरह की लोक-लुभावना घोषणाएं की गई हैं। इसलिए बीजेपी बहुत ही फूंक-फूंक कर कदम रखने की कोशिश में है।
Delhi Election 2025: अपने दिग्गज नेताओं पर दांव लगाने की तैयारी में बीजेपी
इसी कड़ी में जानकारी है कि इस बार बीजेपी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए दिल्ली के अपने सभी बड़े दिग्गज नेताओं पर दांव लगाने की सोच रही है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन, विजय गोयल, मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी और परवेश साहिब सिंह वर्मा के नाम भी शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें- Delhi Chuanv 2025: क्या एबीपी न्यूज़ opinion poll में BJP की बन रही सरकार? Fact check में चौंका रही हकीकत
Delhi Election 2025: आप के वोट बैंक पर भी बीजेपी की नजर
भाजपा आम आदमी पार्टी के वोट बैंक पर पहले से ही फोकस कर रही है, जिसके तरह उसके नेता झुग्गी-झोपड़ियों के मतदाताओं के बीच महीनों से जन-संपर्क अभियान चला रहे हैं। हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी ने झुग्गियों में भाजपा नेताओं के रात्रि प्रवास को लेकर तंज भी कसा था और एक तरह से वोटरों को साफ संदेश दिया था कि मुफ्त बिजली और पानी के लिए उन्हें आम आदमी पार्टी के पास ही आना होगा।












Click it and Unblock the Notifications