Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Delhi Election 2025: दिल्ली में मतदान से पहले कैसे बंट गया AAP का बड़ा 'वोट बैंक'? एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

Delhi Election 2025: दिल्ली में आधिकारिक तौर पर लगभग एक लाख रजिस्टर्ड ऑटो की लाइन खींची गई है, लेकिन अनुमानित तौर पर इससे कई गुना ज्यादा ऑटो चल रहे हैं। यह ऑटो वाले 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव से ही सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के वोट बैंक माने जाते रहे हैं। वनइंडिया ने दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर कई ऑटो वालों से बात की है, जो पहली बार इस चुनाव में पूरी तरह से बंटे हुए नजर आ रहे हैं।

हमने जितने भी ऑटो वालों से बात की है, उनमें से कई तो आज भी आम आदमी पार्टी और उसके प्रमुख अरविंद केजरीवाल के कट्टर समर्थक लग रहे हैं। लेकिन,ऑटो वालों का एक बड़ा वर्ग ऐसा भी तैयार हुआ है, जो अब विकल्प की तलाश में नजर आ रहा है।

delhi election 2025

Delhi Election 2025: 'शीला दीक्षित की सरकार से भी अच्छी केजरीवाल की'

मसलन, जब वनइंडिया में हमारे सहयोगी पंकज मिश्रा ने दिल्ली में एक ऑटो ड्राइवर से बात की और चुनाव के बारे में उसकी राय मांगी तो उसने कहा, "केजरीवाल का काम अच्छा है और उन्होंने जनता की भलाई के लिए भी काम किया है। बहुत सारी सुविधाएं मिली हैं, महिलाओं के लिए तो बहुत ही ज्यादा। बीजेपी जो कर रही है, वह ठीक नहीं है। केजरीवाल जी बहुत अच्छे हैं। आजतक कोई भी सरकार ऐसी नहीं थी। शीला दीक्षित की सरकार भी इतनी अच्छी नहीं थी, जितनी केजरीवाल की है।"

Delhi Election 2025: 'शीशमहल' पर भी आप के बचाव में उतरे कुछ ऑटो वाले

एक और ऑटो वाले से जब केजरीवाल पर बीजेपी की ओर से शीशमहल वाले आरोपों को लेकर सवाल किया गया तो उसने उनका बचाव करते हुए कहा, "उन्होंने चाहे अपने लिए कितने भी महंगे घर बना लिए, क्या उसके अंदर केवल केजरीवाल ही रहेंगे। आने वाला चाहे बीजेपी का सीएम हो या कांग्रेस का सीएम हो, वह भी रह सकते हैं उसके अंदर। जो भी दिल्ली का सीएम होगा,वह उसके लिए अलाउड है। तो वह अकेले के लिए नहीं सोचता है, वह सबके लिए सोचता है।"

Delhi Election 2025: केजरीवाल के समर्थक भी आप सरकार के इस फैसले के हैं खिलाफ

लेकिन, आप और केजरीवाल के इसी समर्थक को उनकी सरकार का महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने वाला फैसला पसंद नहीं है और वह इसे सीधे-सीधे गलत बता रहा है।

उसने कहा, "बात रह गई फ्री की तो हम भी कहेंगे कि फ्री की सेवा अच्छी बात नहीं है। बस की टिकट चाहे 5 करे, या 10 करे, ये करनी चाहिए थी उन्हें। पूरी मुफ्त नहीं करनी चाहिए थी। ये हो सकता है कि त्योहार के दिन में होली हो गई, दीवाली हो गई, फ्री की सेवा चल जाती है...एक-दो दिन के लिए फ्री सेवा चल जाती है। सालों-साल के लिए नहीं...उसके लिए तो हम भी कहेंगे कि हां वो गलत है। उनको कुछ चार्ज करना चाहिए था।"

Delhi Election 2025: इस बार आप सरकार के मुद्दे पर पूरी तरह से बंट गया आप का कोर 'वोट बैंक'

हमने तीसरे ऑटो वाले से बात की तो वह भी आप और केजरीवाल समर्थक निकला। उसके मुताबिक, "मीडियम क्लास से नीचे के जितने लोग हैं सबको उनसे फायदा ही हुआ है और लोग खुश हैं। हम भी खुश हैं, क्योंकि हम लोगों को राहत मिली है। हम लोग जिस कर्जे में डूबे थे उससे बाहर निकल गए हैं। पहले हर साल पास कराना पड़ता था गाड़ी तो ज्यादा पैसे लगते थे। अब कम पैसे लगते हैं, ना के बराबर। अब एक साल के बजाए दो साल हो गया, तो एक साल का पैसा वैसे ही बच गया। घर-मकान से भी अच्छी राहत मिली है,बिजली-पानी में भी राहत मिली है, कुछ बचत में आया है। दुखी में नहीं हैं, पहले की तरह।"

Delhi Election 2025: गाड़ी के फिटनेस के लिए करना पड़ता है माफिया का सामना-ऑटो वाला

लेकिन, अगले ऑटो वाले ने इस ऑटो वाले के दावे को सिरे से ही खारिज कर दिया। उसका कहना था, "शीला दीक्षित की सरकार में हमारी 200 रुपए फिटनेस फीस लगती थी। ये इसने माफ कर दी। अब वहां माफिया बैठे हैं और अब हम हजार रुपए देते हैं तो गाड़ी पास होती है। पहले दो सौ रुपए लगते थे, अब हमारे हजार रुपए लगते हैं।"

Delhi Election 2025: 'केजरीवाल ने विकास नहीं किया, सिर्फ आबादी बढ़ाई'

यही नहीं, यह किसी भी सूरत में दिल्ली में अब आप की वापसी नहीं चाहता। उसने कहा, "इस बार तो बीजेपी आनी चाहिए। 100 फीसदी बीजेपी आएगी। 26-27 साल से बीजेपी आई नहीं है। केंद्र में जिसकी सरकार है, वह आएगी तो बहुत विकास करेगी। 11 साल में दिल्ली का कोई भी विकास नहीं हुआ है। केजरीवाल ने कोई विकास नहीं किया है, बाकी यहां की आबादी बढ़ाई है, बस....दिल्ली की आबादी बढ़ा रहा है वो और कुछ नहीं कर रहा।"

Delhi Election 2025: 'बहाना मारते थे कि हमें एलजी काम नहीं करने देता'

एक और ऑटो वाला भी मिला, जो केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से बिल्कुल ही खुश नहीं था। उसने बताया, "बीजेपी के आने को लेकर सभी लोग उत्सुक हैं, इससे कि बीजेपी केंद्र में है और राज्य में काम नहीं हो रहा है। ये बहाना मारते थे कि हमें एलजी काम नहीं करने देता है। तब तुम्हें मुख्यमंत्री क्यों चुनेंगे भाई, 11 साल तो तुमको देख लिए। 15 साल कांग्रेस को देखे थे.... तो पांच साल इनको भी देख लेंगे कमल को।"

Delhi Election 2025: 'आम आदमी पार्टी तो इस बार जाने वाली है और जाएगी'

आम आदमी पार्टी से खुली नाराजगी जाहिर करने वाले ऑटो वालों में एक ने तो यहां तक दावा किया कि "आम आदमी पार्टी तो इस बार जाने वाली है और जाएगी...पंजाब में बोला कि हम हमारी सरकार बनने पर एक हजार रुपए देंगे। वहां एक रुपया महिला को नहीं दिया। यहां बोला कि 2,100 रुपया देंगे...यहां भी एक रुपए मिलने वाला नहीं है। ये जुमलाबाजी नहीं चलने वाला है, अब दिल्ली का विकास होना चाहिए। नाली अच्छी बननी चाहिए, पानी शुद्ध मिलना चाहिए, 11 साल इनको देख लिया लोग, ये अपना घर बना लिए। ये कुछ किए नहीं हैं।"

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+