Delhi Crime News: दिल्ली के मौजपुर में 24 साल के युवक फैजान की बेरहमी से हत्या, सिर के आर-पार निकली गोली
Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। चाकूबाजी और फायरिंग की घटनाओं के बीच अब एक और सनसनीखेज हत्याकांड ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शाहदरा जिले के मौजपुर इलाके में देर रात एक 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
यह खौफनाक घटना शुक्रवार (23 जनवरी) रात करीब 11.28 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान फैजान उर्फ फज्जी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग हुई और फैजान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक फैजान की मौत हो चुकी थी।

सिर के आर-पार गोली, छाती में भी मारी गई फायरिंग
मृतक के भाई सलमान ने घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सलमान का कहना है कि फैजान को कुल तीन गोलियां मारी गईं। एक गोली उसके सिर में लगी जो आर-पार निकल गई, जबकि दो गोलियां उसकी छाती में दागी गईं। इसके अलावा उसके हाथों पर कट के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उस पर चाकू से भी हमला किया गया।
"मेरे भाई ने आखिरी दम तक संघर्ष किया"
सलमान ने भावुक होते हुए कहा कि उनके भाई ने जान बचाने की पूरी कोशिश की होगी। हाथों पर कट के निशान इस बात की गवाही देते हैं कि फैजान ने हमलावरों का सामना किया। सलमान ने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने फायरिंग के दौरान दो पूरी मैगजीन खाली कर दीं, जबकि पुलिस केवल दो राउंड फायर होने की बात कह रही है।
मृतक के भाई ने कहा,
"मेरे भाई को तीन गोली मारी गई, लेकिन पुलिस ने कहा कि दो मैगजीन राउंड फायर किए गए। एक गोली उसके सिर में लगी और आर-पार हो गई। दो गोलियां उसके सीने में लगीं। शायद उसे चाकू भी मारा गया था। उसके हाथों पर कट थे, इसलिए उसने बहुत संघर्ष किया होगा। मेरा भाई 24 साल का था। वह बहुत सीधा-सादा आदमी था। उसने लोन लिया था। जब वह उसे चुका नहीं पाया, तो बाप-बेटे हमारे घर आए और लड़ने लगे। हमने भजनपुरा पुलिस स्टेशन में शिकायत भी की थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हमें बस इंसाफ चाहिए। हम चाहते हैं कि बाप-बेटे दोनों को गिरफ्तार किया जाए, और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि वे भाग रहे हैं।"
कर्ज बना हत्या की वजह?
परिवार के मुताबिक, फैजान ने कुछ समय पहले लोन लिया था। जब वह रकम समय पर नहीं चुका पाया तो आरोपी बाप-बेटे उसके घर आए और झगड़ा किया। इसी विवाद के बाद धमकियां मिलने लगीं। सलमान का कहना है कि इसी रंजिश ने उसके भाई की जान ले ली।
पहले भी की थी शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
सलमान ने आरोप लगाया कि उन्होंने आरोपियों की धमकियों की शिकायत पहले ही भजनपुरा पुलिस थाने में दी थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने कदम उठाया होता तो आज उनका भाई जिंदा होता।
इंसाफ की मांग, आरोपी फरार
घटना के बाद से आरोपी बाप-बेटे फरार हैं। परिवार ने दोनों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस हत्याकांड ने एक बार फिर दिल्ली में बढ़ते अपराध और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications