दिल्ली में महिलाओं,अल्पसंख्यकों के लिए बड़ा कदम! रेखा गुप्ता सरकार ने बनाए 2 अहम आयोग, किसे मिली जिम्मेदारी?
दिल्ली सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली महिला आयोग (DCW) और दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग (DMC) का गठन कर दिया गया है।
दोनों आयोगों के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के आदेश भी जारी हो चुके हैं। सरकार का कहना है कि इन आयोगों के जरिए महिलाओं को जल्दी न्याय मिलेगा और अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की बेहतर तरीके से रक्षा की जाएगी।

किन लोगों को मिली जिम्मेदारी?
दिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष लता गुप्ता बनाई गई हैं। उनके साथ श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सानरिका शर्मा झा और रेनू भल्ला को आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग की कमान निर्मल जैन को सौंपी गई है। आयोग में कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को सदस्य बनाया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी जानकारी में कहा गया कि दिल्ली महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी शिकायतों के तेजी से निपटारे और न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा। दूसरी ओर दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग का फोकस अल्पसंख्यक समुदायों के हितों की सुरक्षा, उनके कल्याण और समावेशी विकास को बढ़ावा देने पर रहेगा।
रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन दोनों आयोगों का गठन सिर्फ औपचारिक प्रक्रिया नहीं है। इसका मकसद महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना, उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर मौके देना और अल्पसंख्यक समुदायों के संवैधानिक अधिकारों को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय को नई दिशा मिली है। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदायों को सम्मान, सुरक्षा और समय पर न्याय मिल सके।"


Click it and Unblock the Notifications
