आप सरकार का घर-घर राशन पहुंचाने का प्रस्ताव एलजी ने खारिज किया: केजरीवाल
नई दिल्ली। आप सरकार के घर-घर राशन पहुंचाए जाने की योजना को दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल ने खारिज कर दिया है। दिल्ली सरकार ने छह मार्च को इसको लेकर प्रस्ताव तैयार किया था। इस प्रस्ताव में लाभार्थियों को उनके घर पर राशन के पैकेट पहुंचाने का प्रावधान रखा गया था। दिल्ली की सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए प्रस्ताव को एलजी अनिल बैजल के पास भेजा गया था। अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि राशन को घर-घर तक पहुंचाने के प्रस्ताव को उप-राज्यपाल अनिल बैजल ने खारिज कर दिया।

केजरीवाल ने बुधवार को ट्वीट किया 'बहुत बुरा हुआ, घर-घर राशन पहुंचाने की योजना को माननीय उप-राज्यपाल ने खारिज कर दिया। मैंने उनसे कोई भी फैसला लेने से पहले औपचारिक बैठक करने का लगातार अनुरोध किया, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। मैं बहुत दुखी हूं कि इतना अहम प्रस्ताव राजनीति की भेंट चढ़ गया।'
आम आदमी पार्टी ने घर-घर राशन पहुंचाने की योजना को राशन माफियाओं पर लगाम के लिए उठाया कदम बताया था। इस प्रस्ताव में राशन घर-घर पहुंचाने का काम एक निजी कंपनी को दिया जाना था। इससे पहले भी आप नेताओं ने उप राज्यपाल पर इस योजना में राजनीति करने का आरोप लगाया था। दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इससे पहले कहा था कि आला अधिकारी राशन को घर घर पहुंचाने की योजना को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि दिल्ली सरकार राशन को घर घर पहुंचाने की योजना शुरू कर राशन माफियाओं पर लगाम चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications