Delhi Chunav Result 2025: नतीजों से पहले BJP के संभावित CM में जुड़ा नया नाम,किस चौथे नेता की चर्चा शुरू?
Delhi Chunav Result 2025 BJP CM Face: बीजेपी में मतदान के दिन तक दिल्ली में चुनाव जीतने की स्थिति में अगले मुख्यमंत्री के तौर पर जिन नामों की चर्चा चल रही थी, उसमें एक और नए नाम की एंट्री हो गई है। पहले हमने आपको जो तीन नाम बताए थे, उनकी संभावनाएं भी खारिज नहीं की जा रही हैं, लेकिन चौथा नाम बहुत ही तेजी से पार्टी के अंदर सुर्खियां बटोरने लगा है।
दिल्ली में बुधवार को मतदान के बाद जिस तरह से अधिकतर एग्जिट पोल ने बीजेपी की सरकार बनने की संभावनाएं जताई हैं या बढ़त दिखाई है, पार्टी के कार्यकर्ता उससे तो उत्साहित हैं। लेकिन, नेता सिर्फ एग्जिट पोल के अनुमानों के भरोसे ही नहीं बैठे हैं। इन्होंने हर बूथ से मतदाताओं के मूड का भी विश्लेषण किया है और उसी आधार पर पार्टी में आगे की रणनीतियों को लेकर चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।

Delhi Chunav Result 2025: आशीष सूद को भी मिल सकता है दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने का मौका-भाजपा नेता
बीजेपी में जिस नेता का नाम अब अगले मुख्यमंत्री के तौर पर तेजी से उभरा है, वह हैं जनकपुरी सीट से चुनाव लड़ रहे पार्टी के दिग्गज आशीष सूद का। भाजपा के एक विशेष सूत्र ने वनइंडिया से बातचीत में इस अनुरोध के साथ बताया है कि उनका नाम नहीं जाहिर होगा कि 'पार्टी में अगले मुख्यमंत्री के तौर पर आशीष सूद को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं।'
उस नेता के मुताबिक, 'आशीष सूद का संगठन में लंबा अनुभव और पार्टी के प्रति पूर्ण समर्पण की वजह से उनके नाम की चर्चा तेज है, जिन्हें शीर्ष नेतृत्व का भी विश्वास प्राप्त रहा है।'
Delhi Chunav Result 2025: बीजेपी में की जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं आशीष सूद
उस नेता के अनुसार आशीष सूद भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह जम्मू और कश्मीर जैसे राज्य में भी पार्टी के प्रभारी का दायित्व निभा चुके हैं और गोवा में भी सह-प्रभारी रह चुके हैं। पंजाबी समाज से आने वाले सूद विश्वविद्यालय चुनावों का भी जिम्मा संभालते रहे हैं।
Delhi Chunav Result 2025: जनकपुरी सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं आशीष सूद
आशीष सूद इस बार भी जनकपुरी सीट से चुनाव मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रवीण कुमार और कांग्रेस की हरबनी कौर के साथ है। पिछली बार 'आप' के राजेश ऋषि ने सूद को यहीं से करीब 15 हजार वोटों से हराया था।
इससे पहले हमने दिल्ली बीजेपी में संभावित मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में तीन नाम दिए थे, जिनमें राजौरी गार्डन सीट से भाजपा प्रत्याशी मनजिंदर सिंह सिरसा, बिजवासन से चुनाव लड़ रहे कैलाश गहलोत और रोहिणी से पार्टी के टिकट पर फिर मैदान में मौजूद पार्टी विधायक विजेंदर गुप्ता का नाम शामिल है।
Delhi Chunav Result 2025: दिल्ली में पंजाबी समुदाय का पहले भी रहा है राजनीति में दबदबा
दिल्ली में सिख समेत पंजाबी समाज की आबादी लगभग 19% है। सूद के सहारे भाजपा इस बड़े वर्ग में अपनी पैठ और मजबूत कर सकती है। ऐतिहासिक तौर पर कुछ दशक पहले तक दिल्ली के चुनावी समीकरण में इस समाज की बहुत ही प्रभावशाली भूमिकी में होती थी। इनके माध्यम से पार्टी दिल्ली के साथ ही हरियाणा और पंजाब तक में एक बड़े वर्ग को साध सकती है।
Delhi Chunav 2025: बीजेपी को 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की उम्मीद
दिल्ली में बीजेपी को पूरा उम्मीद है कि 27 साल बाद उसका सत्ता से वनवास खत्म होने की संभावना है। कई एग्जिट पोल के अनुमानों में भी यही भविष्यवाणियां की गई हैं। लेकिन, जबतक मतगणना नहीं हो जाता और अंतिम नतीजे नहीं निकल आता, तबतक कुछ भी दावे के साथ कहना बहुत मुश्किल है।
दिल्ली की 70 सीटों पर बुधवार (5 फरवरी,2025) को हुए मतदान में 60.44% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है, जो कि 2020 के विधानसभा चुनावों की तुलना में लगभग 2% कम है। लेकिन, मुस्लिम बहुल सीटों पर ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications