Delhi Chunav 2025: महाराष्ट्र, झारखंड के बाद दिल्ली में भी महिलाओं के हाथ बाजी, आधी आबादी में किसका पलड़ा भारी
Delhi Chunav 2025: पिछले कई चुनावों से दिख रहा है कि विधानसभा के चुनावों में उसी पार्टी की सरकार बनती है, जिनके पक्ष में महिलाएं झुक जाती हैं। हाल के वर्षों में इसका इतिहास बिहार और बंगाल से शुरू हुआ, फिर मध्य प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा से लेकर हिमाचल और ओडिशा तक में यह काफी प्रभावी रूप में उभरकर सामने आया।
2024 के आखिर में जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं, उनमें से खासकर महाराष्ट्र और झारखंड में सत्ताधारी दलों की जबरदस्त तरीके से सत्ता में वापसी के लिए आधी आबादी के समर्थन को ही सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। महाराष्ट्र में 'मांझी लाडकी बहिन योजना'ने कमाल कर दिया तो झारखंड में 'मैयां सम्मान योजना' का डंका बज गया।

Delhi Chunav 2025 Women voters will decide: दिल्ली में भी महिला वोटरों के हाथों में सत्ता की बाजी!
दिल्ली में भी पिछले कुछ विधानसभा चुनावों से महिला वोटरों के वोटिंग का जो ट्रेंड दिख रहा है और अभी जो राजधानी में चुनावी माहौल है, उससे यही लग रहा है कि महिला वोटर जिस भी दल की ओर झुकेंगी, सरकार उसी की बनेगी।
Delhi Chunav 2025: 71 लाख महिला वोटर बनाएंगी दिल्ली में अगली सरकार
दिल्ली में ताजा मतदाता सूची के अनुसार लगभग 71 लाख महिला वोटर हैं, जो कि कुल मतदाताओं की 45% हैं। इन्हीं को देखते हुए सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP), बीजेपी और कांग्रेस तीनों ने ही इस वोट बैंक को रिझाने के लिए इस बार वादों का पिटारा खोल दिया है।
बीजेपी ने तो महिला वोटरों के लिए मौजूदा सभी योजनाओं को जारी रखते हुए कई तरह के बड़े वादे किए हैं। कांग्रेस ने भी आधी आबादी का वोट बटोरने के लिए वादों में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
Delhi Chunav 2025: पिछले दो चुनावों में भी दिल्ली में महिला वोटरों ने निभाई थी बड़ी भूमिका
अगर दिल्ली में आम आदमी पार्टी के पिछले दो विधानसभा चुनावों (2015-67 सीट और 2020-62 सीट) में बड़ी जीत का विश्लेषण करें तो इसमें महिला वोटरों की भूमिका बहुत बड़ी रही थी।
2015 में दिल्ली में 1,33,1,3295 वोटरों में से 39,36,688 (66.49 % )महिलाओं ने वोट डाला था और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।
वहीं, 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में 1,47,97,990 वोटरों में से 41,76,456 (62.51%)महिला मतदाताओं ने मतदान किया और आम आदमी पार्टी की फिर से बंपर जीत हुई। 2015 में दिल्ली में पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 67.63 था और 2020 के चुनाव में 62.59%.
Delhi Chunav 2025: महिला समर्थकों को जोड़े रखने के लिए 'आप'की रणनीति से टेंशन में बीजेपी?
दिल्ली में बीजेपी के एक नेता ने वनइंडिया के सामने कहा है कि महिला वोटरों के लिए पार्टी ने बहुत सारी योजनाओं का वादा किया है और साथ ही मौजूदा योजनाओं को जारी रखने का भी वचन दिया है। लेकिन,उन्होंने यह चिंता भी जताई है कि 'आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली की महिला वोटरों को रिकॉर्डेड कॉल जा रहे हैं, जिसमें बताया जा रहा कि अगर बीजेपी आएगी तो मुफ्त बस यात्रा बंद कर देगी।'
Delhi Chunav 2025: क्या दिल्ली की महिला वोटर इस बार बदलेंगी अपनी प्रतिबद्धता?
भाजपा के उस नेता ने बताया कि अगर पार्टी आप समर्थक महिला वोटरों में से '5%' का भी मन बदल पाई तो इसे चुनावों में फायदा मिल सकता है। लेकिन, उन्हें आशंका है कि जिन महिला वोटरों को पहले से जारी योजनाओं का फायदा मिल रहा है,वह जल्द खेमा बदलने के लिए तैयार हो पाएंगी?
बिहार इसका सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है, जहां महिला अपने आप में नीतीश कुमार की सरकार की प्रतिबद्ध वोट बैंक के रूप में उभरी हैं। माना जाता है कि उनपर अपने परिवार और पतियों का दबाव भी काम नहीं आता है।
यही वजह है कि लाख दबाव और पूरी तरह से असफल साबित होने के बावजूद नीतीश कुमार ने शराबबंदी का फैसला वापस नहीं लिया है। ऐसे में हमें 8 फरवरी तक का इंतजार करना पड़ेगा कि आखिर दिल्ली की महिला वोटर इस बार किसी दूसरी पार्टी की ओर झुकती हैं या फिर आप के प्रति प्रतिबद्धता कायम रखती हैं।












Click it and Unblock the Notifications