Delhi Chunav 2025: दिल्ली की वो 15 सीटें जहां फ्लोटिंग वोटर तय करेंगे नतीजे, AAP की क्यों बढ़ी चुनौती?
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों में इस बार कई सीटों पर कांटे का मुकाबला होने की संभावना है। जिस तरह से आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए संघर्ष कर रही है और बीजेपी (BJP) हर हाल में उसके विजय रथ को रोकने के लिए कमर कसी हुई है,उससे टक्कर जोरदार रहने की संभावना है। उसपर से कांग्रेस (Congress) ने जिस तरह से खुद को खड़ा करने की पहल की है, चुनाव दिलचस्प होना तय है।
वनइंडिया ने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणामों का विश्लेषण करने पर पाया है कि राजधानी की 70 सीटों में से 15 सीटें ऐसी हैं, जहां जीत और हार की चाबी फ्लोटिंग वोटरों के हाथों में रहने की संभावना है। क्योंकि, यह सीटें वो हैं, जहां पिछली बार 10,000 से भी कम वोटों के अंतर से नतीजे घोषित किए गए। मतलब, कांग्रेस के उभरने की कोशिश की वजह से अब इन सीटों पर पार्टियों की किस्मत की चाबी फ्लोटिंग वोटरों के हाथों में ही जाना तय है।

Delhi Chunav 2025: आम आदमी पार्टी ने कमजोर सीटों पर लगाई पूरी ताकत
2015 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में ऐसी सीटों की संख्या मात्र 6 थीं, जहां हार और जीत का फैसला 10,000 से भी कम वोटों के अंतर से हुआ था। आम आदमी पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी का कहना है, 'वो सभी सीटें जहां पिछले चुनाव में मार्जिन 10 हजार से कम वोटों का रहा है, वहां आसानी से कोई भी पार्टी जीत सकती है। इस वजह से सामान्य प्रचार और उम्मीदवारों के वादों के अलावा पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से बूथ स्तर पर होने वाले काम बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं।'
उनका कहना है कि 'पार्टी नेतृत्व हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि हमारे प्रत्याशियों के लिए अधिकतर वोट सुनिश्चित हो सके।' आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव के लिए देश के अन्य हिस्सों से अपने बढ़िया से बढ़िया कैंपेन मैनेजरों को भी दिल्ली बुला लिया है।
Delhi Chunav 2025: कम अंतर से नतीजे देने वाली सीटों को लेकर बीजेपी की बढ़ चुकी हैं उम्मीदें
वहीं बीजेपी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने भी माना है कि कई सीटों पर गला-काट मुकाबला होने वाला है, खासकर जहां जीत का अंतर कम रहा है। क्योंकि कांग्रेस का पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है, बीजेपी नेताओं को लगता है कि इससे उन सीटों पर भी अच्छा मौका है, जहां आम आदमी पार्टी बड़े वोटों के अंतर से जीती थी।
बीजेपी के एक नेता के मुताबिक, 'क्योंकि कांग्रेस और आप का वोट बैंक एक ही है, कांग्रेस के वोट शेयर में सुधार से निश्चित रूप से हमारी जीत की संभावना बढ़ जाएगी।' 2020 में कांग्रेस 66 सीटों पर लड़ी थी और चार सीटों पर उसने आरजेडी को मौका दिया था।
Delhi Chunav 2025: कांग्रेस को है चौंकाने वाले नतीजे आने की उम्मीद
इस गठबंधन के उम्मीदवारों को 3 सीटों पर तब 20 हजार से भी ज्यादा वोट मिले थे और 5 पर 10 हजार से 20 हजार के बीच में वोट आए थे। जबकि, 20 उम्मीदवारों को 5 हजार से लेकर 10 हजार के बीच में वोट मिले थे और 38 प्रत्याशियों के खाते में 5 हजार से कम वोट आए थे।
Delhi Chunav 2025: दिल्ली की वो 15 सीटें जहां फ्लोटिंग वोटर तय करेंगे नतीजे!
यहां उन 15 विधानसभा सीटों की लिस्ट है, जहां 2020 में 10,000 से कम मतों से हार और जीत हुई थी।
1) आदर्श नगर: 1,589 वोट से 'आप' जीती
2) किराड़ी: 5,654 वोट से 'आप' जीती
3) शालीमार बाग: 3,440 वोट से 'आप' जीती
4) शकुर बस्ती: 7,592 वोट से 'आप' जीती
5) नजफगढ़: 6,231 वोट से 'आप' जीती
6) बिजवासन: 753 वोट से 'आप' जीती
7) कस्तुरबा नगर: 3,165 वोट से 'आप' जीती
8) छतरपुर: 3,720 वोट से 'आप' जीती
9) बदरपुर: 3,719 वोट से बीजेपी जीती
10) पटपड़गंज: 3,207 वोट से 'आप' जीती
11) लक्ष्मीनगर: 880 वोट से बीजेपी जीती
12) कृष्णानगर: 3,995 वोट से 'आप' जीती
13) गांधीनगर: 6,079 वोट से बीजेपी जीती
14) शाहदरा: 5,294 वोट से 'आप' जीती
15) करावल नगर: 8,223 वोट से बीजेपी जीती
Delhi Chunav 2025: आम आदमी पार्टी के लिए बढ़ी चुनौती
जिन 15 सीटों पर पिछली बार 10,000 से कम वोटों से हार और जीत के नतीजे आए थे, उन सीटों पर इस बार कांग्रेस की वजह से मजबूत त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना और फ्लोटिंग वोटरों की वजह से आम आदमी पार्टी के लिए मुश्किलें पैदा हो सकती हैं, क्योंकि इनमें से 11 सीटों पर पिछली बार आप का ही कब्जा हुआ था। बीजेपी सिर्फ 4 सीटें ही कम वोटों के अंतर से जीती थी। (हार-जीत के आंकड़े- चुनाव आयोग की वेबसाइट से)












Click it and Unblock the Notifications