Delhi Chunav 2025: वोटिंग के बाद BJP के सर्वे में आंकड़ों को लेकर चौंकाने वाला अपडेट, भाजपा जीत रही कितनी सीट?
Delhi Chunav 2025: दिल्ली में मतदान के बाद सभी दल अपने-अपने कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के वर्करों से फीडबैक ले रहे हैं, जिसके आधार पर 70 सीटों पर हार और जीत का आकलन करने में जुटे हैं। बीजेपी हमेशा से इस काम को बहुत ही पेशेवर तरीके से करती रही है। इसी वजह से चुनाव प्रचार के बाद भी पार्टी ने मोटे तौर जीतने वाली संभावित सीटों का अनुमान लगाया था और अब मतदान के बाद भी उस सीटों की संख्या पर पहुंची है, जितनी वह कम से कम जीतने की उम्मीद कर रही है।
हालांकि, बीजेपी जीतने और कमजोर सीटों का आकलन बहुत ही आंतरिक तरीके से करती है और इसके आंकड़े खुलकर जारी नहीं करती। लेकिन, वनइंडिया ने भाजपा सूत्रों से जो जानकारी जुटाई है, उसमें से यह संख्या निकलकर आई है कि अब पार्टी को दिल्ली में कितनी सीटें जीतने की उम्मीद है। गौरतलब है कि पार्टी ने पहले 42 सीटें या उससे ज्यादा जीतने का अनुमान लगाया था।

Delhi Chunav 2025 BJP Survey: मिडिल क्लास में 3% स्विंग से भी भाजपा सरकार- पार्टी सूत्र
भाजपा के एक विश्वसनीय सूत्र ने किसी भी सूरत में नाम नहीं जाहिर होने देने का गुजारिश करते हुए वनइंडिया को बताया है कि 'वोटिंग के बाद हमारी गणना मिडिल क्लास के वोटरों में होने वाले स्विंग पर आधारित है। अगर 3% मिडिल क्लास वोटरों का भी स्विंग हुआ है तो हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं।'
Delhi Chunav 2025 BJP Survey: बीजेपी को दिल्ली में 40 सीटों से ज्यादा जीतने की उम्मीद
जब हमने इस बीजेपी सूत्र को और कुरेदने की कोशिश की तो उन्होंने बताया कि 'मध्यम वर्ग में 3% स्विंग हमारे लिए मुख्य रूप से महिला वोटर हैं। अगर इन्होंने हमारी ओर देखा है, जो कि पूरी दिल्ली में दिख भी रहा है तो हम 40 से ज्यादा सीटें जीतने जा रहे हैं।' बता दें कि दिल्ली में सरकार बनाने के लिए कम से कम 36 सीटें जीतना जरूरी है।
Delhi Chunav 2025: महिला वोटरों ने जगा दी है भाजपा की उम्मीद
बीजेपी को यकीन है कि जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को मिलने वाली मुफ्त बस यात्रा की छूट जारी रहने देने की गारंटी दी है और जिस तरह से मौजूदा सरकार की सारी योजनाओं को कायम रखने के साथ ही आधी आबादी के लिए और भी कई योजनाओं का भरोसा दिया है, बड़ी संख्या में महिला वोटरों ने इस बार भाजपा को विकल्प के तौर पर चुना है।
Delhi Chunav 2025: युवा महिलाओं का हमें मिल रहा है बड़ा सपोर्ट-भाजपा सूत्र
बीजेपी सूत्र के मुताबिक, 'दिल्ली की बहुत सारी युवा महिलाएं मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करती हैं जो 60-70 हजार रुपए से लेकर 2.5-3 लाख रुपए तक सैलरी उठा रही हैं, उन्हें बजट में 12 लाख रुपए तक की सैलरी पर आयकर में मिली छूट से बहुत ज्यादा फायदा हुआ है और उनका वोट इस बार भाजपा की ओर आया है।'
Delhi Chunav 2025: दिल्ली में पिछली बार से कम मतदान
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर बुधवार (5 फरवरी, 2025) को देर रात के आंकड़ों के मुताबिक कुल 60.44% मतदान हुआ। यह 2020 के विधानसभा चुनाव से लगभग 2% कम है और 2024 के लोकसभा चुनावों से करीब 2% ज्यादा है। मुख्य मुकाबला सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP),भाजपा (BJP) और कांग्रेस के बीच है।
पिछली बार 'आप' 70 में से 62 सीटें जीत गई थी और बीजेपी को 8 सीटें मिली थीं। कांग्रेस का दो बार से खाता भी नहीं खुला है। बुधवार को मतदान के बाद से जितने भी एग्जिट पोल के नतीजे आए हैं, उनमें से अधिकतर में भाजपा की सरकार बनती या बढ़त मिलती दिखाई गई है। लेकिन, कुछ ने चौथी बार आप की सरकार बनाने की भविष्यवाणी की है। वोटों की गिनती 8 फरवरी (शनिवार) को होगी और तभी असली नतीजों का पता चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications