'हम काम के आधार पर मांग रहे वोट', जानिए आतिशी ने इंटरव्यू में बीजेपी के लिए क्या कहा?
Delhi Chunav 2025 News: विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजधानी दिल्ली में चुनावी सरगर्मियां चरम पर हैं। सत्तारूढ़ दल आप के साथ-साथ भाजपा-कांग्रेस मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जी-जान लगा रहे हैं। इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) पिछले 10 साल में कराए गए कामकाज के दम पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है।
चौथी बार दिल्ली की गद्दी हासिल करने के लिए आप की रणनीति क्या है? क्या चुनौतियां हैं और इनसे पार्टी कैसे पार पाएगी? आइए जानते है इन मुद्दों पर दिल्ली सीएम आतिशी ने क्या कहा...

एचटी की खबर के मुताबिक, दिल्ली सीएम आतिशी ने आम आदमी पार्टी की जीत पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी सत्ता में फिर से वापसी करेगी। दरअसल, इंटरव्यू में आतिशी से पूछ गया कि पार्टी पिछले 10 साल से सत्ता में है। क्या पार्टी को दिल्ली में सत्ता विरोधी लहर का सामना नहीं करना पड़ रहा है?
इस सवाल के जवाब में दिल्ली सीएम आतिशी ने कहा, 10 साल निश्चित रूप से एक लंबा समय है। इस समय में आप सरकार ने सार्वजनिक सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। इन सुधारों में शिक्षा, जल आपूर्ति और 24x7 बिजली सुनिश्चित करने में प्रगति शामिल है। इस तरह के विकास ने दिल्ली की आबादी के एक बड़े हिस्से पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।
इतना ही नहीं, आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और AAP की लोकप्रियता को समझने के लिए आपको यह समझना होगा कि दिल्ली हमेशा से कितनी गहराई से विभाजित रही है। दिल्ली के कुछ हिस्से ऐसे हैं जहां हमेशा से अच्छी सुविधाएं रही हैं, लेकिन अनधिकृत कॉलोनियों और जेजे क्लस्टर में रहने वाले लोगों के लिए ऐसा नहीं था।
पहले, इन इलाकों पर सरकारी बजट खर्च नहीं किया जाता था। इतना ही नहीं, दिल्ली में आने वाले प्रवासियों के लिए कोई योजनाबद्ध आवास, कोई कम लागत वाला आवास उपलब्ध नहीं था। बहुत सारे प्रवासी जेजे क्लस्टर या अनधिकृत कॉलोनियों में रहते हैं। न तो उचित जल आपूर्ति, न ही सीवरेज सिस्टम या सड़कें थी। दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग नरक में रह रहे थे।
आतिशी ने कहा कि इन कॉलोनियों को बनाना, उचित जल आपूर्ति प्रदान करना, सड़कें और नालियां बनाना डीडीए का काम था, लेकिन पिछले 10 वर्षों में यह काम केजरीवाल सरकार ने किया है। कहा कि एक दशक पहले झुग्गी-झोपड़ी की महिलाएं अपने दिन का एक हिस्सा पानी के टैंकर के इंतज़ार में बिताती थी। लेकिन, अब उसके दरवाज़े तक पाइपलाइन से पानी आ रहा है।
आतिशी ने अपने इंटरव्यू में कहा कि यह कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे जनता दो-पांच साल या 10 साल बाद भूल जाएगी। एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार के बारे में सोचें, जिसके पास अपने सभी बच्चों को निजी स्कूलों में भेजने के लिए पैसे नहीं थे। उन्होंने बदलाव देखा है। एक समय था जब दिल्ली में 'टेंट वाले स्कूल' हुआ करता था।
हाल ही में मैंने कक्षा 8 के एक छात्र से पूछा कि वह किस स्कूल में जाता है तो उसने कहा, 'इमारत वाले स्कूल' में। फिर उसने कहा कि अब सभी स्कूलों में इमारतें हैं। इतना ही नहीं, आतिशी ने कहा कि दिल्ली में 24x7 बिजली आती है। हर कोई जानता है कि दिल्ली ही एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां 24x7 बिजली मिलती है।
आप ने मौजूदा विधायकों को क्यों बदल दिया?
इस सवाल के जवाब में आतिशी ने कहा, 'कुछ विधायकों के टिकट कटने का यह है कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों में उपस्थित नहीं रहते थे। उनका कोई जमीनी जुड़ाव नहीं रह गया था।' हालांकि, आतिशी ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी भावना नहीं है। लोग हमारे काम की सराहना करते हैं।
अगर कोई सत्ता विरोधी भावना है, तो वह खास तौर पर कुछ उम्मीदवारों के खिलाफ है। इस दौरान आतिशी से पूछा गया कि चार महीने पहले काफी उथल-पुथल के बीच आपको मुख्यमंत्री बनाया गया था। आपको किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा? इस सवाल के जवाब में आतिशी ने कहा, केजरीवाल को दिल्ली के काम रोकने के लिए गिरफ्तार किया था।
स्वाभाविक बात है आप एक सिटिंग चीफ मिनिस्टर को जेल में डाल देंगे तो गवर्नेंस पर तो असर पड़ेगा। बताया कि उस वक्त काम ठप्प हो गया था और सड़क की मरम्मत और रखरखाव के साथ-साथ पानी की आपूर्ति जैसी कई चीज़ें उस समय बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि जब से केजरीवाल जेल से बाहर आए हैं और मैं सीएम बनी।
पिछले चार महीने में हम दिल्ली की गवर्नेंस को ट्रैक पर लेकर आए हैं। तेजी से सड़कों की मरम्मत हुई। आज मोहल्ला क्लिनिक में दवाइयां मिल रही हैं, सारे टेस्ट हो रहे हैं। पानी और सीवरेज की दिक्कतों को 70-80 पर्सेंट तक सॉल्व कर लिया गया है। पेंशन वक्त पर आ रही है। हमने युद्धस्तर पर सड़कों की मरम्मत करवाई।
आतिशी ने बताया कि दिवाली तक के एक महीने में, दिल्ली भर में पीडब्ल्यूडी की सभी 1,400 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कर दी गई। दिल्ली में दूसरी समस्या यह थी कि पेंशन महीनों तक बंद रही लेकिन हम उन्हें फिर से शुरू करने में सक्षम थे। कहा कि मैं हमारे सबसे उथल-पुथल भरे दौर में मंत्री बनी।
हालांकि, उन्होंने कह कि हमारा प्लस पॉइंट तो हमारा काम है, जो हमने करके दिखाया है। आम आदमी पार्टी अपने काम के आधार पर वोट मांगती है और हमने जो दिल्लीवालों के लिए किया है, चाहे बिजली-पानी हो, तीर्थ यात्रा हो, जो भी हमने काम किए, उनके आधार पर ही वोट मांग रहे हैं। दूसरा, हमारा बहुत बड़ा प्लस पॉइंट है अरविंद केजरीवाल का चेहरा।
इस दौरान आतिशी से पूछा गया कि भाजपा-कांग्रेस और आप ने कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की है। क्या यह इन कल्याणकारी योजनाओं पर लड़ा जा रहा है। इस सवाल के जवाब में आतिशी ने कहा, 'भाजपा जो चाहे दे सकती है, लेकिन दिल्ली के लोग मूर्ख नहीं हैं। भाजपा की 20 राज्यों में सरकारें हैं, इसलिए लोग उनसे सवाल पूछेंगे।'
क्या वे किसी राज्य में 24x7 बिजली उपलब्ध कराते हैं? क्या किसी राज्य में सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं? क्या मोहल्ला क्लीनिक 100% मुफ्त इलाज दे रहे हैं? इतना ही नहीं, आतिशी ने कहा कि हमारे विरोधियों को देखिए उनके पास ना काम की लिस्ट है, ना उनके पास कोई विजन है। वो बताएं उन्होंने 10 साल में दिल्लीवालों के लिए क्या किया। 10 साल के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने आकर तीन कॉलेज का बस शिलान्यास किया है, कॉलेज को शुरू नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications