Delhi Chunav 2025: AIMIM किन सीटों पर बढ़ाएगी AAP की चुनौती,कहां देगी BJP को टक्कर?
Delhi Chunav 2025: हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम (AIMIM) पहली बार दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ रही है। पार्टी जिन सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, उससे लगता है कि उसका फोकस दंगा-प्रभावित और ज्यादा मुस्लिम आबादी वाली सीटों पर है। एआईएमआईएम पूरी तरह से मुस्लिम वोट बैंक पर आधारित पार्टी रही है, इसकी वजह से इस चुनाव में यह आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के लिए ज्यादा मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
एआईएमआईएम का मुख्य फोकस उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के दायरे में आने वाले विधानसभा क्षेत्रों पर पर लग रहा है। इन सीटों पर पूर्वांचलियों के अलावा मुसलमान वोट प्रभावशाली भूमिका हैं। इस इलाके में विधानसभा की 10 सीटें हैं, जिनमें से पिछली बार 7 सीटें आप को मिली थी और बीजेपी ने 3 पर जीत दर्ज की थी।

Delhi Chunav 2025: दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को उतारकर ओवैसी ने अपना इरादा साफ किया है
ओबैसी ने मुस्तफाबाद सीट से आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन की उम्मीदवारी घोषित करके अपना इरादा पहले ही साफ कर दिया है। क्योंकि, ताहिर दिल्ली दंगों का आरोपी है और उसे इसका मास्टरमाइंड भी माना जाता है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली का इलाका 2020 की शुरुआत में भड़के सांप्रदायिक दंगों से पीड़ित रहा है।
Delhi Chunav 2025: मुस्लिम-बहुल और ज्यादा मुस्लिम वोटरों वाली सीटों पर एआईएमआईएम का फोकस
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में एआईएमआईएम के दिल्ली यूनिट के चीफ शोएब जमई के हवाले से बताया गया कि यह पार्टी उन 10 से 12 सीटों पर उम्मीदवारों को उतारने की योजना बना रही है, जहां मुस्लिम आबादी अच्छी संख्या में है। इन इलाकों में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के साथ ही ओखला और चांदनी चौक की सीटें भी शामिल है, जहां मुसलमान वोटर बड़ी तादाद में हैं।
उन्होंने कहा, 'विभिन्न सीटों को लकर चर्चा चल रही है। हम उन सीटों पर उम्मीदवार दे सकते हैं, जहां मुसलमान वोटर 30% तक हैं, लेकिन जिन सीटों पर मुसलमान मतदाता 25% भी हैं, उनपर भी हम विचार कर रहे हैं। हालांकि, हमारा मुख्य लक्ष्य उत्तर-पूर्वी दिल्ली है और दूसरी सूची अगले कुछ दिनों में जारी होने वाली है।'
Delhi Chunav 2025: सीलमपुर और ओखला में 50% से ज्यादा हैं मुसलमान वोटर
सीलमपुर में 57%, ओखला में 52% मुसलमान वोटर हैं। वहीं बाबरपुर में 41% और मुस्तफाबाद में 39.5% मुस्लिम मतदाता हैं। वहीं चांदनी चौक में इनके 30% और सीमापुरी में 23.5% वोट हैं।
ताहिर हुसैन को टिकट देने के फैसले पर आम आदमी पार्टी की तीखी प्रतिक्रिया को ओवैसी की पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने 'दिखावा' बताया है। उन्होंने कहा, 'आप ने नरेश यादव (बाद में इनकी जगह महेंदर चौधरी को उतारा गया) को उतारा था,जिसे कुरान के अपमान के मामले में दोषी ठहराया गया था.. लेकिन ताहिर तो दंगे के केस में सिर्फ आरोपी था, और पार्टी ने निकाल दिया था। यह पार्टी के बारे में सबकुछ बता देता है। प्रचार के दौरान हम आप के इस 'दोहरे चेहरे' को उजागर करेंगे।'
Delhi Chunav 2025: मुस्लिम आबादी वाली सीटों पर 'आप' की बढ़ सकती है चुनौती,बीजेपी को फर्क पड़ने की संभावना नहीं
उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के दायरे में 10 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें से आप ने पिछली बार 7 पर जीत दर्ज की थी। ये हैं- बुराड़ी, तिमारपुर, सीलमपुर, बाबरपुर, गोकलपुर,सीमापुरी और मुस्तफाबाद। वहीं बीजेपी ने रोहतास नगर, घोंडा और करावल नगर में जीत दर्ज की थी। इनके अलावा ओखला और चांदनी चौक जैसी सीटों पर भी आप ने ही कब्जा किया था।
Delhi Chunav 2025: दिल्ली दंगों का आरोपी होगा ओवैसी की पार्टी का मुख्य चेहरा!
असदुद्दीन ओवैसी पहले ही मुस्तफाबाद में एक रैली के माध्यम से दिल्ली दंगों के आरोपी के पक्ष में हवा बनाने की कोशिश करके जा चुके हैं। यहां उन्होंने मुसलमानों के लिए 'हक और इज्जत'दिलाने को प्रमुख मुद्दा बनाने की बात कही थी। पार्टी उसी को आधार मानकर दिल्ली के चुनावी समर में उतरी है, ताकि मुसलमानों की आवाज को विधानसभा तक पहुंचा सके।
ओवैसी ने रैली में कहा था, 'अगर हम इज्जत और सम्मान के साथ जीना चाहते हैं, हमें अपनी आवाज विधानसभा तक पहुंचानी होगी। मुस्तफाबाद में हमें सफाई, पीने का पानी और स्कूल चाहिए और यह तब तक नहीं मिलेंगे, जबतक आप अपने वोट का सही इस्तेमाल नहीं करते। हम सिर्फ वोट डालने वाला बनकर नहीं रह सकते, बल्कि हमें वोट पाने वाला बनने की जरूरत है।'












Click it and Unblock the Notifications