Delhi Chunav 2025: क्या अरविंद केजरीवाल 'सहारा' ढूंढ़ रहे हैं? कांग्रेस के खिलाफ AAP की बौखलाहट के मायने?

Delhi Chunav 2025: आम आदमी पार्टी ने जब कुछ दिन पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का एलान किया तब उसकी ओर से कहा गया कि कांग्रेस का राष्ट्रीय राजधानी में कोई आधार नहीं है। लेकिन, पिछले दो दिनों में दोनों दलों के बीच ऐसी तीखी बयानबाजी और क्रिया-प्रतिक्रियाएं हुई हैं, जिसके बाद लगता है कि दोनों के बीच सही मायने में सियासी तलाक हो गया है।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच इस राजनीतिक लड़ाई में सबसे दिलचस्प ये है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी नेता आतिशी मार्लेना ने कांग्रेस पार्टी को अपने नेता अजय माकन पर कार्रवाई करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया है,नहीं तो इंडिया ब्लॉक से निकलवाने की धमकी दे डाली है।

delhi chunav 2025

Delhi Chunav 2025: कांग्रेस को 'आप' ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

आतिशी ने कहा है, "अगर उनकी (कांग्रेस) भारतीय जनता पार्टी से साठगांठ नहीं है, तो अगले 24 घंटे में अजय माकन के खिलाफ ऐक्शन लें। जिन्होंने अरविंद केजरीवालजी को एंटी नेशनल कहा। उन यूथ कांग्रेस के नेता के खिलाफ ऐक्शन लें, जिन्होंने अरविंद केजरीवाल और मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। कांग्रेस पार्टी दिल्ली की जनता को बताए कि संदीप दीक्षित और फरहाद सुरी का चुनाव लड़ने का पैसा कहां से आ रहा है।"

Delhi Chunav 2025: कांग्रेस को INDIA bloc से बाहर करवाएगी 'आप'!

उनका आरोप है कि कांग्रेस के कुछ प्रत्याशियों के चुनाव लड़ने की फंडिंग बीजेपी कर रही है। वहीं आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस पार्टी को चेतावनी देते हुए इंडिया ब्लॉक से कहा है, "अब सारी हदें पार हो चुकी हैं, सारी सीमाएं पार हो चुकी हैं। अपमान का, एफआईआर दर्ज कराने का, एंटी-नेशनल बोलने का जो दुस्साहस अजय माकन और उनकी पार्टी ने किया है,मैं मांग करता हूं कांग्रेस पार्टी से कि 24 घंटे के अंदर अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करे, वरना इंडिया गठबंधन के जो और भी घटक दल हैं, उनसे हमलोग मांग करेंगे कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से अलग करें।"

Delhi Chunav 2025: कांग्रेस नेता ने अरविंद केजरीवाल को कहा एंटी नेशनल!

दरअसल, लोकसभा चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने गठबंधन में चुनाव लड़कर आजमा लिया था। दोनों को सीटें तो नहीं ही मिलीं, इन दोनों का वोट शेयर भी भाजपा से लगभग 10% कम रह गया। कांग्रेस नेता अजय माकन ने इसी को लेकर कहा था कि पार्टी दोबारा गठबंधन करके भूल कर गई।

उन्होंने कहा था कि केजरीवाल जैसे व्यक्ति पर विश्वास नहीं किया जा सकता। क्योंकि, उनकी न कोई विचारधारा है और न ही कोई सोच है। वह राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं।

इसी दौरान उन्होंने यह भी कहा कि 'अरविंद केजरीवाल एंटी नेशनल हैं...जिनकी कोई विचारधारा नहीं है, सिर्फ अपनी खुद की महत्वाकांक्षा के....।'

Delhi Chunav 2025: ये बेचारे सहारा ढूंढ़ रहे हैं- केजरीवाल पर संदीप दीक्षित का प्रहार

वहीं केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने इंडिया गठबंधन से कांग्रेस को निकालने की आप की मांग पर कहा है कि ,"इंडिया गठबंधन में कोई टेक नहीं है (आप का)। जब आदमी गिरता है, टूटता है न तो अगल-बगल सहारा ढूंढ़ता है...और अरविंद केजीवाल की पुरानी आदत है रोने की...एक जो निकम्मा बच्चा होता है न...जो खुद कुछ नहीं कर पाता तो अगल-बगल सहारा ढूंढ़ता है...ये बेचारे सहारा ढूंढ़ रहे हैं। इनको लग रहा है कि कांग्रेस के हमले से इनकी दिल्ली की भी सरकार जा रही है।"

Delhi Chunav 2025: कांग्रेस के मजबूत उम्मीदवारों ने 'आप' की चिंता बढ़ाई?

वनइंडिया ने दिल्ली के चुनावी राजनीति को समझने वाले एक विश्लेषक से बात की तो उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी जिस तरह से कांग्रेस पर बौखलाई हुई है,उससे लगता है कि कांग्रेस ने जो मजबूत उम्मीदवारों पर दांव लगाया है, उसको लेकर आप की चिंता बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की चिंता इसलिए बढ़ गई है कि अगर कांग्रेस ने दिल्ली नगर निगम चुनाव के जितना भी वोट जुटा लिया तो फिर उसकी सत्ता में वापसी की संभावना खटाई में पड़ सकती हैं।

बता दें कि 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मात्र 4.26% वोट मिले थे। लेकिन,2022 के निगम चुनाव में उसका वोट प्रतिशत बढ़कर 11.68% पहुंच गया था। वहीं, तब आप को 42.5% और बीजेपी को 39.9 वोट आए थे।

Delhi Chunav 2025: 'आप' को वोट बैंक खिसकने की सता रही है चिंता?

उनकी मानें तो आज की तारीख में दिल्ली की 70 सीटों में से कांग्रेस पार्टी 5 से 7 सीटों पर मजबूत दिख रही है। आप को डर है कि कांग्रेस का ग्राफ जितना बढ़ेगा, नुकसान उसे ही हो सकता है।

क्योंकि, दोनों दलों के बीच झुग्गी-झोपड़ी और मुसलमानों के वोट को लेकर जोरदार लड़ाई छिड़ी हुई है। उनका कहना है कि झुग्गी-झोपड़ी वाले वोट बैंक में तो बीजेपी भी सेंधमारी कर रही है। उनके मुताबिक ऐसे में कांग्रेस को जहां भी बढ़त मिलेगी, उससे आप को ज्यादा नुकसान होने की आशंका पैदा होगी।

बता दें कि दिल्ली की सत्ता से कांग्रेस 2013 से बाहर है। 2013 के चुनाव में त्रिशंकु विधानसभा में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी और आप दूसरे नंबर पर रही थी। भाजपा को दूर रखने के लिए तब कांग्रेस ने आम आदमी को समर्थन देकर सरकार बनवा दिया था, जो 49 दिनों में ही गिर गई थी। उसके बाद इस लोकसभा चुनाव में भी दोनों में गठबंधन हुआ, लेकिन इन्हें एक भी सीट नहीं मिली। सभी सातों सीटें लगातार दूसरी बार बीजेपी जीत गई और उसे 54% से भी ज्यादा वोट मिले।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+