Delhi Chunav: कांग्रेस ने की पहली गारंटी की घोषणा, प्यारी दीदी योजना में महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपए
Delhi Assembly Elections 2025: आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी पहली गारंटी की घोषणा की है। पार्टी ने प्यारी दीदी योजना शुरू करने का वादा किया है। जिसके तहत राजधानी की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। कांग्रेस ने इस घोषणा के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके जीवन में सुधार लाने का लक्ष्य रखा है।
क्या है प्यारी दीदी योजना
इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को 2500 रुपए मासिक सहायता दी जाएगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी बनाना और उनके परिवार की आय में सहयोग देना है। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि योजना का फोकस आर्थिक रूप से पिछड़ी और जरूरतमंद महिलाओं पर रहेगा।

कांग्रेस का बड़ा दांव
दिल्ली में महिलाओं के मुद्दों पर जोर देते हुए कांग्रेस ने इसे अपनी पहली गारंटी के रूप में पेश किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हम महिलाओं को सम्मान और आर्थिक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्यारी दीदी योजना कांग्रेस की एक पहल है। जिससे हर महिला को आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा। कांग्रेस ने दावा किया है कि यदि पार्टी सत्ता में आती है तो यह योजना सरकार बनने के तुरंत बाद लागू की जाएगी।
कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी समाज कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहली गारंटी लॉन्च कर रही है। समाज कल्याण और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कांग्रेस हमेशा तत्पर रही है। कर्नाटक में भी सरकार बनते ही कांग्रेस ने समाज कल्याण की अपनी योजना पहली कैबिनेट में तय कर लागू की थी। इसलिए महिला सशक्तिकरण के लिए दिल्ली में कांग्रेस जरूरी है।
महिलाओं के लिए अन्य योजनाओं का वादा
कांग्रेस ने संकेत दिया है कि प्यारी दीदी योजना के अलावा भी महिलाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में सुधार की दिशा में कई और वादे किए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य महिलाओं को सशक्त बनाकर दिल्ली की सामाजिक आर्थिक स्थिति में सुधार करना है।
दिल्ली चुनाव में बढ़ी हलचल
इस घोषणा ने दिल्ली की राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस की यह पहल आम आदमी पार्टी और भाजपा के लिए नई चुनौती पेश करती है। क्योंकि दोनों पार्टियां पहले ही महिलाओं के लिए कई योजनाओं का दावा कर चुकी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस की इस घोषणा से चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।
कांग्रेस की प्यारी दीदी योजना दिल्ली चुनाव में महिला मतदाताओं को आकर्षित करने की एक बड़ी रणनीति है। यह योजना महिलाओं को न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। बल्कि उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित भी करेगी।












Click it and Unblock the Notifications