चुनाव नतीजों से पहले दिल्ली में हलचल, केजरीवाल ने बुलाई 70 उम्मीदवारों की बैठक, खरीद-फरोख्त के मुद्दे पर चर्चा
Delhi Assembly Election Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक एक दिन पहले आम आदमी पार्टी ने अपने सभी 70 उम्मीदवारों के साथ एक बैठक बुलाई है। यह बैठक शुक्रवार 7 फरवरी की सुबह 11:30 बजे होगी और इसकी अध्यक्षता पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल करेंगे।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस बैठक में नतीजों की तैयारी और विधायकों की संभावित खरीद-फरोख्त से संबंधित आरोपों पर चर्चा होगी। हाल ही में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि बीजेपी आप उम्मीदवारों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इन आरोपों को दोहराया है। हालांकि, बीजेपी ने ऐसे दावों का पुरजोर खंडन किया है। बता दें कि केजरीवाल ने कहा कि कुछ एजेंसियां 'गली गलोच पार्टी' (भाजपा) को 55 से ज़्यादा सीटें मिलने का अनुमान लगा रही हैं। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में नतीजों से पहले ऑपरेशन लोटस शुरू हो गया है।
पिछले दो घंटों में 16 आप उम्मीदवारों को मंत्री पद और 15-15 करोड़ रुपए के वादे के साथ भाजपा में शामिल होने के पेशकश के फोन आने लगे हैं। केजरीवाल ने X पर लिखा कि अगर इनकी पार्टी की 55 से अधिक सीटें आ रहीं हैं, तो हमारे उम्मीदवारों को फोन करने की क्या जरूरत है?
केजरीवाल आरोप लगाते हैं कि एग्जिट पोल के सर्वे फर्जी हैं और उनके सहारे माहौल बनाकर उम्मीदवारों को तोड़ा जा रहा है। वहीं, पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि बीजेपी सोचती है कि फर्जी सर्वे के जरिए माहौल बनाकर वो हमारे नेताओं और मंत्रियों से मोल-तोल कर सकती है।
मैं बीजेपी से कहना चाहती हूं कि वो हमारे कार्यकर्ताओं को भी नहीं तोड़ पाएगी, नेताओं और मंत्रियों की तो बात ही छोड़िए। हम अरविंद केजरीवाल के 'सच्चे सिपाही' हैं। मुझे लगता है कि जब हम एग्जिट पोल में नहीं दिखते तो ये बहुत शुभ होता है। 2013, 2015 और 2020 में हम एग्जिट पोल में नहीं थे। इस बार भी ऐसा ही है। ये शुभ संकेत हैं।
जब भी हम एग्जिट पोल में नहीं दिखते तो हमने हर बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई है। इस बार भी कुछ अलग नहीं होगा। बता दें कि वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। मतगणना को लेकर चुनाव आयोग और प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। EVM को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित तरीके से रखा गया है और राजधानी की 19 जगहों पर कुल 70 स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं।
ये भी पढें: Delhi Chunav: बिगड़ती व्यवस्था से आहत चुनावी समर में उतरा था सिपाही पंकज, अब दिल्ली पुलिस ने कर दिया सस्पेंड












Click it and Unblock the Notifications