Delhi AQI Today: सर्दियों की शुरुआत के साथ दिल्लीवालों की सांसों में घुलने लगा जहर,आज और खराब हुई एयर क्वालिटी
Delhi AQI Today: सर्द हवाओं के साथ दिल्ली की हवा में घुलता जहर एक बार फिर लोगों की सांसों पर भारी पड़ रहा है। जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है, राजधानी की वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंचने लगी है। शुक्रवार की सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 262 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
लगातार तीसरे दिन दिल्ली की हवा इतनी जहरीली रही कि कई इलाकों में AQI 300 के पार पहुंच गया। प्रदूषण के इस बढ़ते स्तर ने प्रशासन की चिंता बढ़ाई है। दिल्लीवासियों को भी सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में सबसे ज्यादा AQI 262 दर्ज किया गया। वहीं वजीरपुर में 237, द्वारका सेक्टर 8 में 247 और दिल्ली विश्वविद्यालय नॉर्थ कैंपस व सीआरआरआई मथुरा रोड पर 237 रहा।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में गुलाबी ठंड की दस्तक! आज कैसा रहेगा नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के मौसम का हाल?
दिल्ली के कुल 38 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 20 स्टेशनों ने 'खराब' श्रेणी का स्तर दिखाया, जबकि 13 जगहों पर हवा 'मध्यम' श्रेणी में रही। पूरे शहर का 24 घंटे का औसत AQI 233 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
प्रदूषण के बड़े कारण
दिल्ली की हवा खराब होने के पीछे कई कारण हैं। निर्णय सहयोग प्रणाली (DSS) के अनुसार, परिवहन यानी गाड़ियों से निकलने वाला धुआं कुल प्रदूषण का करीब 16.7% हिस्सा है। वहीं सैटेलाइट तस्वीरों ने दिखाया कि पराली जलाना भी बड़ी वजह बन रहा है।
छह राज्यों में कुल 136 पराली जलाने के मामले दर्ज हुए - इनमें उत्तर प्रदेश से 46, पंजाब से 11, हरियाणा से 7 और दिल्ली से 1 मामला शामिल है। पड़ोसी राज्यों में जलने वाली पराली का धुआं हवा के साथ दिल्ली तक पहुंचता है और यहां प्रदूषण को और बढ़ा देता है।
तापमान गिरने से बढ़ी परेशानी
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था।
गुरुवार को इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा, जब तापमान 18.1 डिग्री तक गिर गया। ठंड बढ़ने से हवा में मौजूद प्रदूषक जमीन के करीब फंस जाते हैं, जिससे दिनभर धुंध और स्मॉग छाया रहता है।
IMD ने शुक्रवार के लिए साफ आसमान और कुछ समय बादलों के छाने का अनुमान लगाया है। तापमान 17 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, लेकिन मौसम में सुधार से प्रदूषण में जल्द राहत मिलना मुश्किल है।












Click it and Unblock the Notifications