'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है दिल्ली की वायु गुणवत्ता, आनंद विहार के हालात सबसे ज्यादा खराब
Delhi Air Pollution: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के हालात चिंताजनक बने हुए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक आनंद विहार इलाके में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां पर शुक्रवार को वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज की गई। वहां दोपहर 3 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 455 था, जो 500 तक के पैमाने पर 'गंभीर' श्रेणी में आता है। इसके अलावा पीएम 10 का स्तर 500 को छू गया, जो इस पैमाने पर सबसे ज्यादा है, जबकि पीएम 2.5 का स्तर 455 दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के मुताबिक दिवाली के बाद से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। वायु गुणवत्ता का लगातार गंभीर श्रेणी में रहना चिंता का विषय है। इससे गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। सीपीसीबी के मुताबिक शून्य से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' श्रेणी का माना जाता है।
वहीं राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को आसमान साफ रहा, जिस वजह से न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत रही। सीपीसीबी के मुताबिक वायु गुणवत्ता 333 से गिरकर शुक्रवार सुबह 9.30 बजे के करीब 346 हो गई। आनंद विहार के अलावा वजीरपुर (380), पटपड़गंज (363), विवेक विहार (397), पंजाबी बाग (370) और जहांगीरपुरी (397) में वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी की दर्ज की गई। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में औसत AQI 389 रहा, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
गाजियाबाद के क्या हैं हालात?
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में शुक्रवार सुबह AQI 371 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी का है। उससे पहले गुरुवार को वहां का AQI 373 था। जिले में सबसे ज्यादा खराब हालात लोनी क्षेत्र के हैं, वहां पर AQI 410 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों ने दिल्ली-एनसीआर के बुजुर्गों को घरों में रहने की सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications