दिल्ली: गवाही देने जा रहे पिता-पुत्र पर बदमाशों ने चलाई गोलियां, दी ये धमकी
दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में बाइक सवार बदमाशो ने सेंट्रो कार से गवाही देने जा रहे पिता-पुत्र पर गोलियां चलाई। हालांकि दोनों सुरक्षित बच गए। बदमाशों ने अदालत में गवाही देने पर हत्या करने की कथित रूप से धमकी दी। इस संबंध में करावल नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मामला पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके का है। पुलिस ने बताया कि चांद मोहम्मद की शिकायत के अनुसार वह और उसका पिता अकबर अली एक मामले की सुनवाई के लिए कड़कड़डूमा कोर्ट जा रहे थे, तभी बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने बीच रास्ते में उनकी कार रोकी और कार के आगे के शीशे पर गोलियां चलाईं। इस दौरान उन्होंने झुककर अपनी जान बचाई।

चांद मोहम्मद ने बताया कि बदमाशों ने हेलमेट पहना था, जिसके कारण उनके चेहरे दिखाई नहीं दे रहे थे। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने अदालत में गवाही देने पर मोहम्मद की हत्या करने की कथित रूप से धमकी दी। चांद ने बताया कि 2016 में कुछ बदमाशों ने उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था, इसी मामले में वह और उसके पिता गवाही देने जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में करावल नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications