1962 के शहीदों को CM रेखा गुप्ता का सलाम, रेजांगला के 114 वीरों का शौर्य याद कर कही बड़ी बात
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1962 के भारत-चीन युद्ध में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए भारतीय सैनिकों को नमन किया। बुधवार को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित 'रेजांगला शौर्य एवं यदुकुल सम्मान दिवस' में शामिल होकर उन्होंने रेजांगला की ऐतिहासिक लड़ाई को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
श्री कृष्ण यादव महासभा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम ने मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में चीनी सेना का मुकाबला करने वाले 13 कुमाऊं रेजिमेंट के जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि रेजांगला के वीरों का साहस आने वाली पीढ़ियों को देश के लिए समर्पण और कर्तव्य निभाने की प्रेरणा देता रहेगा।

रेजांगला के वीरों को CM रेखा गुप्ता ने किया नमन
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, ''आज तालकटोरा स्टेडियम में श्री कृष्ण यादव महासभा की ओर से आयोजित रेजांगला शौर्य एवं यदुकुल सम्मान दिवस में शामिल होकर मां भारती के अमर वीर सपूतों को नमन किया।''
सीएम रेखा ने 1962 के युद्ध का जिक्र करते हुए बताया कि मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 13 कुमाऊं रेजिमेंट के जवानों ने रेजांगला की बर्फीली पहाड़ियों पर चीनी सेना का बहादुरी से सामना किया था। इस लड़ाई में 114 भारतीय सैनिकों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। वे आखिरी सांस तक दुश्मन के सामने डटे रहे। सीएम रेखा गु्प्ता ने आगे कहा कि रेजांगला का इतिहास हमें सिखाता है कि देश की आन, बान और शान से बढ़कर कुछ नहीं है। राष्ट्र इन वीर जवानों का हमेशा ऋणी रहेगा।
1962 की रेजांगला लड़ाई में क्या हुआ था?
रेजांगला की लड़ाई 18 नवंबर 1962 को लद्दाख के चुशुल सेक्टर में करीब 5,000 मीटर की ऊंचाई पर लड़ी गई थी। यहां 13 कुमाऊं रेजिमेंट की सी कंपनी को एक अहम मोर्चे की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी। मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में भारतीय जवानों ने बेहद मुश्किल मौसम और विपरीत परिस्थितियों के बीच चीनी सेना के हमलों का मुकाबला किया।
इस लड़ाई में मेजर शैतान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने अलग-अलग मोर्चों पर पहुंचकर अपने सैनिकों का हौसला बढ़ाया और नेतृत्व किया। उनके अदम्य साहस और बहादुरी के लिए उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
रेजांगला की यह लड़ाई भारतीय सैन्य इतिहास में साहस और बलिदान की मिसाल मानी जाती है। सैनिकों ने संख्या और मौसम की चुनौती के बावजूद अपनी पोस्ट नहीं छोड़ी और देश की सीमा की रक्षा के लिए आखिरी दम तक लड़ाई लड़ी।
चुशुल में बना शहीदों का स्मारक, 2021 में राजनाथ सिंह ने किया समर्पित
रेजांगला में शहीद हुए सैनिकों की याद में साल 1963 में लद्दाख के चुशुल में एक युद्ध स्मारक बनाया गया था। यह स्मारक उन जवानों की बहादुरी और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपनी जान दे दी। नवंबर 2021 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नवीनीकरण के बाद इस स्मारक को राष्ट्र को समर्पित किया था।
कार्यक्रम में अरुण सिंह और संतोष यादव समेत कई नेता मौजूद
तालकटोरा स्टेडियम में हुए इस आयोजन में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां शामिल हुईं। इनमें बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, बीजेपी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष राजेश यादव और हरियाणा विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव शामिल रहे।
श्री कृष्ण यादव महासभा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का मकसद रेजांगला के वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को याद करना था। साथ ही नई पीढ़ी तक उनके देशप्रेम और साहस की कहानी पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।




Click it and Unblock the Notifications
