सीएम केजरीवाल बोले- अगर सिसोदिया और सत्येंद्र जैन BJP ज्वाइन कर लें, तो हो जाएंगे रिहा
अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी और केंद्र पर हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि अगर सिसोदिया बीजेपी ज्वाइन कर लें तो वो कल रिहा हो जाएंगे।

आबकारी घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया सीबीआई की रिमांड पर हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर AAP ने प्रदर्शन की योजना बनाई है। इस बीच बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले को लेकर केंद्र और बीजेपी पर निशाना साधा। साथ ही दावा किया कि अगर सत्येंद्र जैन और सिसोदिया बीजेपी में शामिल होने के लिए राजी हो जाएं, तो उनको सभी केस से रिहा कर दिया जाएगा।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि शराब नीति बहाना है इसमें कोई घोटाला नहीं हुआ। असल में प्रधानमंत्री चाहते हैं कि दिल्ली में हो रहा अच्छा काम रुक जाए। हमने सबसे अच्छा काम शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किया है। उन्होंने दोनो मंत्रियों को जेल में डाल दिया, लेकिन मैं आश्वासन देता हूं कि काम नहीं रुकेगा। केजरीवाल ने कहा कि अगर मनीष सिसोदिया आज बीजेपी में शामिल हो जाते हैं, तो क्या वो कल रिहा नहीं होंगे? सभी मामलों को वापस ले लिया जाएगा। अगर सत्येंद्र जैन आज बीजेपी में शामिल हो जाते हैं, तो सभी मामलों को वापस ले लिया जाएगा और उन्हें कल जेल से रिहा कर दिया जाएगा। ये मुद्दा भ्रष्टाचार का नहीं है, ये काम रोकने के लिए ईडी और सीबीआई को भेजने का है।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि ये तय किया गया है कि AAP डोर-टू-डोर प्रचार करेगी। उसके कार्यकर्ता हर घर जाएंगे और हर व्यक्ति से बात करेंगे। साथ ही सबको बताएंगे कि पीएम किस तरह से काम कर रहे, ये वैसा ही है, जैसा इंदिरा गांधी ने किया था। लोग एक जवाब देंगे, वे सब कुछ देख रहे हैं।
'घर से नहीं मिले पैसे'
मुख्यमंत्री के मुताबिक बीजेपी आरोप लगा रही कि सिसोदिया ने घोटाले किए हैं। कभी कहते हैं कि 100 करोड़ का घोटाला है, कभी वो इसे 10 हजार करोड़ का घोटाला बता देते हैं, लेकिन सिसोदिया और उनके रिश्तेदारों के घर जब रेड पड़ी, तो 10 हजार रुपये तक नहीं मिले। बैंक लॉकर में जेवर भी नहीं मिला, क्योंकि कोई घोटाला हुआ ही नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications