'दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें', किसान आंदोलन के बीच बोर्ड एग्जाम को लेकर CBSE की छात्रों को सलाह
CBSE on Delhi Farmers Protest: राजधानी दिल्ली की रफ्तार एक बार फिर किसान आंदोलन के चलते धीमी हो गई है। दिल्ली भयंकर जाम से जूझ रहा है। हरियाणा-पंजाब की शंभू बॉर्डर पर हजारों की संख्या में किसान जमे हुए हैं। ऐसे में दिल्ली के लिए एंट्री के 5 बॉर्डर पूरी तरह से सील है।
किसानों के आंदोलन के मद्देनजर दिल्ली के सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात है। आलम यह है कि सड़कों पर वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE ) ने छात्रों से विशेष अपील की है।

सीबीएसई की छात्रों को सलाह
सीबीएसई ने दिल्ली में लगाए गए यातायात प्रतिबंधों के मद्देनजर बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए बुधवार को एक सलाह जारी की, जिसमें उन्हें समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए अपने घरों से जल्दी निकलने की सलाह दी गई।
जल्दी एग्जाम सेंटर पहुंचने के लिए कहा
किसानों के "दिल्ली चलो" मार्च के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में फिलहाल यातायात प्रतिबंध लागू हैं। बोर्ड की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है, "चूंकि परीक्षा सुबह 10.30 बजे शुरू होती है, इसलिए सभी छात्रों को सुबह 10 बजे या उससे पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।"
मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने की दी सलाह
आगे कहा गया कि "इसलिए, सभी छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने घरों से जल्दी निकलें ताकि वे सीबीएसई द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार समय पर पहुंच सकें। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी जाती है जो सुचारू रूप से चल रही हैं।"
इसमें कहा गया है, "सभी स्कूलों से माता-पिता और छात्रों की मदद और मार्गदर्शन करने का अनुरोध किया जाता है। छात्रों को एक बार फिर सलाह दी जाती है कि वे अपने परीक्षा केंद्रों पर पहले से जाएं और अपनी यात्रा की योजना बनाएं ताकि वे सभी परीक्षा के दिनों में समय से पहले या समय पर पहुंच सकें।"
15 फरवरी से परीक्षाएं शुरू
आपको बता दें कि कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार (15 फरवरी) से शुरू होंगी। इस साल भारत और 26 अन्य देशों से 39 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। दिल्ली में 877 केंद्रों पर 5.8 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे।












Click it and Unblock the Notifications