मनीष सिसोदिया के आरोपों पर CBI ने दिया जवाब, ऑफिसर की मौत को लेकर भी बताया सच
नई दिल्ली, 05 सितंबर। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जिस तरह से सीबीआई के अधिकारी की आत्महत्या को लेकर बड़ा बयान दिया, उसपर सीबीआई ने पलटवार किया है। सीबीआई ने मनीष सिसोदिया के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया का बयान भ्रामक और शरारती बयान है। हम इसका जोरदार खंडन करना है। हम साफ करना चाहते हैं कि दिवंगत सीबीआई अधिकारी जितेंद्र कुमार किसी भी तरह से इस मामले की जांच से नहीं जुड़े थे।

सीबीआई की ओर से कहा गया है कि दिवंगत सीबीआई अधिकारी दिल्ली में उन मामलों से जुड़े थे, जिनमे पहले ही चार्जशीट दायर हो चुकी थी। दिल्ली पुलिस जोकि सीबीआई अधिकारी की आत्महत्या की जांच कर रही है उसने भी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अधिकारी ने अपनी आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। शराब नीति की जांच चल रही है। अभी तक किसी भी आरोपी को इस मामले में क्लीन चिट नहीं दी गई है। मनीष सिसोदिया द्वारा जो भ्रामक और भटकाने वाला बयान दिया गया है वह मौजूदा समय में चल रही जांच से ध्यान भटकाने की कोशिश है। यही नहीं उनका बयान सीबीआई अधिकारी की मौत में चल रही जांच में हस्तक्षेप करने की कोशिश है।
बता दें कि मनीष सिसोदिया ने सीबीआई के दिवंगत अधिकारी की आत्महत्या को लेकर सनसनीखेज बयान दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सीबीआई अधिकारी पर दबाव था कि मेरे खिलाफ केस बनाया जाए ताकि मुझे गिरफ्तार किया जा सके। लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया, लेकिन इसके बाद भी उनपर लगातार दबाव बनाया गया, जिसकी वजह से वह मानसिक तनाव में थे और उन्होंने आत्महत्या कर ली। मनीष सिसोदिया ने कहा कि अधिकारी के परिवार के प्रति मेरी संवेदना है।












Click it and Unblock the Notifications