दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ सहित कई गैंगस्टरों पर UAPA के तहत FIR दर्ज
नई दिल्ली, 01 सितंबर। दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार सहित दिल्ली और पंजाब के कई कुख्यात गैंगस्टरों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियों अधिनियम (UAPA) के तहत दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। आपको बता दें कि बिश्नोई और बराड़ सिद्धू मूस वाला हत्याकांड में आरोपी भी हैं।
Recommended Video

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर की गई है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने दिल्ली पंजाब के दो बड़े गिरोहों के कई नामी गैंगस्टरों के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की है। जिन गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, वो पिछले कई वर्षों से आतंक और अपराध का पर्याय बने हुए हैं। इनमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक दर्जन गैंगस्टरों और बंबिहा नीरज बबनिया गैंग के खिलाफ यूएपीए के तहत दो प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं, दूसरी प्राथमिकी UAPA के तहत कुशल चौधरी, लकी पटियाला और नीरज बबनिया समेत बंबिहा गिरोह के अन्य गैंगस्टरों पर दर्ज की गई है। इधर, एसएसपी गौरव तोरा ने बताया कि पंजाब के मानसा जिले में पुलिस ने सिद्धू मूस वाला हत्याकांड में 34 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है, जिनमें 8 को अभी गिरफ्तार किया जाना बाकी है।
एसएसपी गौरव तोरा के मुताबिक मूस वाला हत्याकांड में गवाही के लिए कुल 122 लोग हैं। इनमें 4 आरोपी विदेशों में हैं, जबकि 8 लोगों को गिरफ्तार किया जाना बाकी है। एसएसपी गौरव तोरा ने बताया कि मामले में लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया, सतविंदर गोल्डी बराड़ सचिन थापन, अनमोल बिश्नोई, लिपिन नेहरा सहित एक दर्जन से अधिक लोग शामिल हैं।
वहीं, इस महीने की शुरुआत में मलोट में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रीति सुखीजा की अदालत ने लॉरेंस बिश्नोई को हत्या के प्रयास के एक मामले में 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। इधर, मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलनीत सिंह खुराना की मानें तो बिश्नोई को दिसंबर 2021 में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था, जिसमें पुलिस ने बिश्नोई के गिरोह मोनू डागर के एक शार्पशूटर को गिरफ्तार किया था।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में आज से पुरानी शराब नीति लागू, प्राइवेट ठेके बंद, जानें Buy One Get One डिस्काउंट के बारे में












Click it and Unblock the Notifications