केजरीवाल का 'शीशमहल-2' बेनकाब! BJP ने जारी की नए लोधी एस्टेट के बंगले की तस्वीर, प्रवेश वर्मा ने उठाए सवाल

Arvind Kejriwal bungalow controversy: दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर 'बंगला पॉलिटिक्स' ने गर्मी बढ़ा दी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के कथित नए सरकारी आवास को लेकर बड़ा हमला बोला है। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने 25 अप्रैल को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोधी एस्टेट स्थित बंगले की तस्वीरें जारी कीं और इसे 'शीशमहल 2' का नाम दिया। प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल की सादगी पर तीखे सवाल दागते हुए उन्हें फिल्म 'धुरंधर' के विलेन 'रहमान डकैत' तक कह डाला।

इसके साथ ही उन्होंने कई सवाल उठाए और केजरीवाल की सादगी वाली राजनीति पर निशाना साधा। लोधी एस्टेट स्थित इस नए बंगले की तस्वीरों और लेआउट के साथ बीजेपी ने आम आदमी पार्टी (AAP) के 'आम' होने के दावों की धज्जियां उड़ाने की कोशिश की है।

Arvind Kejriwal bungalow controversy

'रहमान डकैत' और शीशमहल का सीक्वल

प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल की तुलना फिल्मी किरदारों से करते हुए कहा कि जिस तरह सुपरहिट फिल्मों के सीक्वल आते हैं, वैसे ही केजरीवाल का 'शीशमहल-2' आ गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता की आंखों में धूल झोंकी है।

वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमलावर होते हुए कहा,

"दिल्ली का रहमान डकैत, जिस तरह फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल आया, उसी तरह हम आज 'शीशमहल 2' का खुलासा कर रहे हैं। केजरीवाल ने दिल्ली में पहला शीशमहल तब बनाया जब दिल्ली कोविड की लहर से जूझ रही थी। दिल्ली के लोग दवा के लिए तड़प रहे थे, मर रहे थे, लेकिन केजरीवाल के आदेश पर उनके आलीशान बंगले का काम एक दिन के लिए भी नहीं रुका।"

बीजेपी का आरोप है कि जो नेता कभी वैगनआर कार में चलने और छोटे घर में रहने की कसमें खाता था, आज वह दिल्ली के सबसे पॉश इलाके 94-95 लोधी एस्टेट में महाराजाओं वाली जिंदगी जी रहा है।

लोधी एस्टेट विवाद क्या है? (What Is Lodhi Estate Bungalow Controversy)

प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल अब दिल्ली के बेहद पॉश इलाके 94-95 लोधी एस्टेट में शिफ्ट हुए हैं। भाजपा का आरोप है कि यह नया सरकारी आवास बेहद आलीशान है और इसकी डिजाइन तथा सुविधाएं आम सरकारी बंगलों से कहीं अधिक हैं।

प्रवेश वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंगले का कथित लेआउट भी दिखाया और कहा कि यह सिर्फ रहने की जगह नहीं बल्कि लग्जरी लाइफस्टाइल का प्रतीक बन चुका है। भाजपा नेताओं ने इसे पहले से चर्चित 'शीशमहल' विवाद का दूसरा संस्करण बताते हुए 'शीशमहल 2' नाम दिया।

दिल्ली की राजनीति में सरकारी आवास का मुद्दा नया नहीं है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण और खर्च को लेकर सवाल उठते रहे हैं। अब नया विवाद कथित नए बंगले और उसकी सुविधाओं को लेकर सामने आया है।

'आम' से 'आलीशान' आदमी पार्टी का सफर

बीजेपी ने नया नारा देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का नाम बदलकर अब 'आलीशान आदमी पार्टी' हो जाना चाहिए। प्रवेश वर्मा ने सवाल उठाया कि लोधी रोड वाले इस बंगले में आखिर कितना पैसा लगा है और यह पैसा किसका है? उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल की इसी 'लालच' और 'राजसी ठाठ' की वजह से उनके पुराने और ईमानदार कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।

प्रवेश वर्मा ने घर का लेआउट दिखाते हुए सीधा सवाल किया,

"क्या केजरीवाल हमें बताएंगे कि लोधी रोड वाले बंगले या इस नए शीशमहल में कितना पैसा निवेश किया गया है? यह पैसा कहां से आया और किसका है? क्या यह सच नहीं है कि आपकी ईमानदारी का ढोल पीटने वाले कार्यकर्ता आपकी लालच की वजह से साथ छोड़ रहे हैं? बार-बार ऐसे शीशमहल बनाने की क्या जरूरत है और किस कंपनी का पैसा इसमें लगा है?"

पंजाब और भगवंत मान को लेकर क्या बोले प्रवेश वर्मा?

बीजेपी ने सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि पंजाब में भी केजरीवाल के दखल पर बड़े आरोप लगाए। प्रवेश वर्मा का दावा है कि केजरीवाल ने दिल्ली में हार (नैतिक हार) के बाद पंजाब को अपना नया अड्डा बना लिया है, जिससे वहां के मुख्यमंत्री भगवंत मान बेहद परेशान हैं।

वर्मा के मुताबिक, पंजाब के मुख्यमंत्री आवास के आसपास के चार सरकारी बंगलों पर 'दिल्ली दरबार' का कब्जा है। उन्होंने कहा,

"भगवंत मान के घर के आसपास के चार बड़े सरकारी घरों में से एक पर केजरीवाल का कब्जा है, दूसरे पर सत्येंद्र जैन, तीसरे पर संजय सिंह और चौथे पर मनीष सिसोदिया का। पंजाब में भी एक शीशमहल खड़ा कर दिया गया है। आज भगवंत मान घुटने महसूस कर रहे हैं, लेकिन पता नहीं केजरीवाल ने उनका कौन सा वीडियो बना रखा है जिसके दबाव में वो पार्टी नहीं छोड़ पा रहे।"

जनता की समस्याओं से ज्यादा कमरों की सजावट पर ध्यान

बीजेपी ने तंज कसा कि केजरीवाल और उनकी टीम ने जितना दिमाग घर के कमरों को आलीशान बनाने और सजावट करने में लगाया है, अगर उसका एक छोटा हिस्सा भी दिल्ली की सड़कों, प्रदूषण और पानी की समस्या को सुलझाने में लगाया होता, तो आज दिल्ली की हालत कुछ और होती।

प्रवेश वर्मा ने तीखे लहजे में कहा,

"यह उनके पूरे घर का लेआउट है। जिस तरह से उन्होंने हर कमरे पर अपनी बुद्धि खर्च की है, अगर उसका इतना ही समय दिल्ली के मामलों पर लगाया होता, तो शायद आज उनके कार्यकर्ता पार्टी नहीं छोड़ते। जो आदमी कहता था कि वह सादगी से रहेगा, आज वह इतने विलासितापूर्ण ढंग से रह रहा है कि देखकर हैरानी होती है।"

क्या है 'शीशमहल-2' का पूरा विवाद?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब अरविंद केजरीवाल ने जेल से आने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिविल लाइंस वाला घर छोड़कर लोधी एस्टेट के इस नए बंगले में शिफ्ट होने का फैसला किया। बीजेपी का कहना है कि यह बंगला किसी सामान्य आवास जैसा नहीं, बल्कि इसमें करोड़ों रुपये का रिनोवेशन कराया गया है और यह पूरी तरह से एक लग्जरी विला में तब्दील हो चुका है।

बीजेपी के इन आरोपों ने 'आप' की उस छवि पर प्रहार किया है जिसे उन्होंने 'ईमानदारी' और 'आम आदमी' के नाम पर गढ़ा था। दिल्ली में चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में बीजेपी इस मुद्दे को 'भ्रष्टाचार' और 'जनता के पैसे की बर्बादी' के तौर पर पेश कर रही है। फिलहाल, आम आदमी पार्टी ने इन व्यक्तिगत हमलों और 'शीशमहल-2' के आरोपों पर कोई विस्तृत तकनीकी सफाई नहीं दी है, लेकिन यह साफ है कि आने वाले दिनों में दिल्ली की सड़कों पर 'बंगला बनाम बस्ती' की लड़ाई और तेज होगी।।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+