कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए तैयारी शुरू, नए वेरिएंट के पता लगाने को बनेंगी लैब: केजरीवाल
कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए तैयारी शुरू, नए वेरिएंट के पता लगाने को बनेंगी दो लैब : केजरीवाल
नई दिल्ली, 5 जून: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को बताया है कि 7 जून से राजधानी में पाबंदियों में काफी ढील दी जाएगी। मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी और बाजार भी कुछ शर्तों के साथ खुल जाएंगे। इसके साथ ही केजरीवाल ने कोरोना की तीसरी को लेकर भी तैयारी शुरू कर देने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि तीसरी लहर के आने की आंशका को देखते हुए हम ऑक्सीजन, बेड आदि को लेकर अभी से तैयारी कर रहे हैं। नए वेरिएंट का पता लगाने के लिए लैब भी बनाई जा रही है।

Recommended Video
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम ये मानकर तैयारी कर रहे है कि तीसरी लहर आई और बहुत भयानक हुई तो हर रोज 37 हजार नए केस आ सकते हैं। ऐसे में हम इतने केसों से निपटने के लिए तैयारी कर रहे हैं। इसको देखते हुए एक पीडिएट्रिक टास्क फोर्स बनाई गई है। जो देखेगी कि कुल आईसीयू बेड में से कितने बेड बच्चों के लिए रखना जरूरी है। वहीं कोरोना के नए वेरिएंट का पता चल सके, इसके लिए दिल्ली में दो जीनोम सिक्वेंस लैब बनाई जा रही हैं।
केजरीवाल ने कहा, विशेषज्ञों के साथ बात करके ये तय किया गया है कि अगली वेव की 37,000 केसों का पीक मानकर तैयारी शुरू की जाए। इसको लेकर हम 420 टन ऑक्सीजन की स्टोरेज क्षमता तैयार कर रहे है। 25 ऑक्सीजन टैंकर और खरीदे जा रहे हैं। इसके अलावा 64 ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड से बात कर 150 टन ऑक्सीजन प्रोडक्शन के लिए कहा गया है।
लॉकडाउन में दी गई छूट
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन में छूट का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब बाजार और मॉल को ऑड-ईवन के आधार पर सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक के लिए खोला जाएगा। जरूरी सामान की दुकानें रोजाना खुलेंगी। निजी दफ़्तर 50 फीसदी क्षमता के साथ खोले जा सकते हैं। जरूरी सेवाओं में 100 फीसदी कर्मचारी काम करेंगे। वहीं दिल्ली मेट्रो भी 50 फीसदी क्षमता के साथ शुरू की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications