Kanjhawala case: अंजली की मौत के बाद दिल्ली पुलिस का बड़ा कदम, SHO और ATO से मांगी लाइव लोकेशन
कंझावला कांड के बाद हुई बदनामी के बाद दिल्ली पुलिस ने नाइट ड्यूटी पर तैनात अपने जवानों को आदेश दिए हैं। इसके साथ ही बिना परमिशन थाना ना छोड़ने की अनुमति भी दी गई है।

कंझावला केस के बाद से दिल्ली पुलिस की हर तरफ बदनामी हो रही है। नए साल की रात को और भी ज्यादा एक्टिव होने की बजाय पुलिस आखिरकार कहां थी? ये सवाल रह-रहकर लोगों के जहन में घूम रहा है। अब इतनी बदनामी और लगातार उठ रहे सवालों के बीच दिल्ली पुलिस ने नाइट ड्यूटी पर तैनात अपने जवानों को कई आदेश दिए हैं। अब एसएचओ, एटीओ और ब्रावो को अपनी लाइव लोकेशन शेयर करने के लिए कहा गया है।
आधी रात एक लड़की की मौत ने दिल्ली पुलिस को सवालों के कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का भी यही मानना है कि पुलिस को बताए जाने के बाद भी एक लड़की को अपनी जान गंवानी पड़ी। मामले के सामने आने के बाद लोग पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं।
अब सवालिया घेरे में खड़ी दिल्ली पुलिस ने अपने जवानों को कई आदेश दिए हैं। न्यूज एजेंसी 'एएनआई' के मुताबिक, सख्ती से कदम उठाते हुए अब एसएचओ, एटीओ और ब्रावो को अपनी लाइव लोकेशन शेयर करने के निर्देश रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक उन्हें लाइव लोकेशन के साथ अपनी पोजीशन भी अपडेट करनी होगी। इसके साथ ही डीसीपी की अनुमति के बगैर कोई पुलिस कर्मी थाने से बाहर नहीं जा सकता।
कंझावला कांड की बात करें, तो अंजली की मौत के समय पुलिस की नदारदगी पर खूब सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि न्यू ईयर जैसे मौके पर पुलिस को ज्यादा सख्त होना चाहिए था लेकिन पुलिस सख्ती की बजाय गायब रही। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी पुलिस की नाकामी की ओर ही इशारा कर रहे थे।
बताते चलें कि 31 दिसंबर की रात अंजली नाम की लड़की अपनी दोस्त के साथ स्कूटी पर सवार थी, जब उसे कार ने टक्कर मार दी। इस घटना में अंजली कार के नीचे जा घुसी और वहीं फंस गई। लड़की को बचाने की बजाय कार में मौजूद लोग उसे घसीटते हुए ले गए और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मामले में रोज नए-नए अपडेट सामने आ रहे हैं। पुलिस की बात करें, तो दिल्ली पुलिस भी अपने बयान से पलट रही है। ऐसे में सवालों के घेरे में खड़ी दिल्ली पुलिस ने अब थोड़ी सख्ती दिखाई है।












Click it and Unblock the Notifications