शहीद भगत सिंह के लिए AAP ने की भारत रत्न देने की मांग
New Delhi: आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा शहीद-ए-आजम भगत सिंह को भारत रत्न देकर उनके बलिदान को राष्ट्र का सर्वोच्च सम्मान देने की मांग की है। बुधवार को चड्डा ने भगत सिंह के बलिदान और योगदान को याद करते हुए भारत सरकार से आग्रह किया कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा, भगत सिंह ने अपनी जवानी, अपने सपने, और अपनी पूरी जिंदगी इस देश की आजादी के लिए कुर्बान कर दी। उनकी शहादत को लगभग 93 साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी हम उन्हें उनके हिस्से का सम्मान नहीं दे पाए हैं।
सांसद राघव चड्ढा ने भगत सिंह की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा, शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जी को मैं अपना आदर्श मानता हूं। वो भारत माता के सच्चे लाल थे। उनकी क्रांतिकारी सोच और अदम्य साहस ने न सिर्फ अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को आजादी के लिए लड़ने की प्रेरणा दी। उनकी इंकलाबी बोलियों से अंग्रेज थर-थर कांपते थे। भगत सिंह ने मात्र 23 साल की उम्र में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनका जीवन और उनकी शहादत आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके हौसले के आगे ब्रिटिश साम्राज्य के ऊंचे-ऊंचे पहाड़ भी झुक गए थे।

"पुरस्कार की गरिमा को भी बढ़ाएगा"
राघव चड्ढा ने कहा, यदि भगत सिंह को भारत रत्न दिया जाता है, तो यह उनके सम्मान के साथ-साथ इस पुरस्कार की गरिमा को भी बढ़ाएगा। ये सिर्फ एक सम्मान नहीं होगा, बल्कि उनके बलिदान को पहचान देने का एक सशक्त कदम होगा। उन्होंने एक कविता के जरिए अपने दिल की बात कही। उन्होंने कहा, लिख रहा हूं मैं जिसका अंजाम, कल आगाज़ आयेगा, मेरे लहू का हर एक कतरा इंकलाब लायेगा। मैं रहूं ना रहूं, ये वादा है तुझसे मेरा, मेरे बाद वतन पे मिटने वालों का सैलाब आयेगा। उन्होंने कहा कि भगत सिंह सिर्फ एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं थे, बल्कि भारत के युवाओं के लिए एक आदर्श भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications