AAP का दावा- CM केजरीवाल की गिरफ्तारी की तैयारी में ED, फोन छीना, घर के बाहर RAF की गई तैनात
Arvind Kejriwal News: कथित शराब नीति घोटाला मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम गुरुवार शाम सीएम केजरीवाल के घर पहुंच गई, जहां सीएम आवास पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं आवास के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात है।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर ईडी की दबिश के बाद आप कार्यकर्ता भी भारी संख्या में पहुंच गए हैं, इधर केजरीवाल के आवास के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) मौजूद है। ऐसे में केजरीवाल पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

अब तक दिल्ली के कथित शराब घोटाले में सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी की तरफ से लगातार 9 समन भेज गए हैं, इसके बाद ईडी की टीम 10वें समन के साथ गुरुवार शाम को केजरीवाल के घर पहुंच गई। इसके बाद आप नेताओं का भी केजरीवाल के घर के बाहर जमावड़ा लग गया।
AAP कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसी के साथ पार्टी का दावा है कि सीएम केजरीवाल का ईडी ने फोन भी छीन लिया है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा, " अगर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार भी कर लिया जाए तो भी वह इस्तीफा नहीं देंगे।''
'केजरीवाल को गिरफ्तार करना चाहती है ईडी'
वहीं दिल्ली की मंत्री और AAP नेता आतिशी ने कहा, "यह स्पष्ट है कि ईडी और बीजेपी अदालतों का सम्मान नहीं करते हैं। अगर ऐसा होता तो वे आज ही अरविंद केजरीवाल के आवास पर छापा मारने नहीं आते। यह एक राजनीतिक साजिश है और वे अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए यहां आए हैं।"
'किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं'
इसी के साथ मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "जिस तरह से पुलिस सीएम के घर के अंदर है और किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं है, उससे लगता है कि सीएम आवास पर छापा मारा गया है। ऐसा लगता है कि सीएम को गिरफ्तार करने की तैयारी है।''












Click it and Unblock the Notifications