'आप' को आशुतोष पर नहीं 'विश्वास', इन तीन लोगों को राज्यसभा भेज रही है 'आम आदमी पार्टी'
नई दिल्ली। दिल्ली की तीन राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी बुधवार को नामों की घोषणा करेगी। कुमार विश्वास और अशुतोष का पत्ता काटते हुए पार्टी ने तीन नामों पर फैसला किया है। जिन तीन लोगों को आम आदमी पार्टी राज्यसभा भेज रही है उनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह, सुशील गुप्ता और नवीन गुप्ता शामिल हैं। आप की पॉलीटिकल अफेयर्स कमेटी बुधवार को इन तीनों के नाम पर मुहर लगाएगी, जिसके बाद अगले दिन चार जनवरी को ये सभी नामांकन दाखिल करेंगे।

आपको बता दें कि, दिल्ली में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 16 जनवरी को चुनाव होंगे। वहीं इसके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख पांच जनवरी है। 70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा में आप के 66 विधायक हैं। इन तीनों नामों के घोषणा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अंडमान से वापस आने के बाद बुधवार को की जाएगी। केजरीवाल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ अंडमान गए हुए हैं।
नवीन गुप्ता देश के जाने-माने चार्टर्ड अकाउंटेंट है। फिलहाल द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष हैं। वित्तमंत्री अरुण जेटली तक नवीन गुप्ता की तारीफ कर चुके हैं। वहीं सुशील गुप्ता अग्रसेन अस्पताल और अग्रसेन चैरिटी के तहत कई स्कूल और कॉलेज चलाते हैं। सुशील गुप्ता इससे पहले कांग्रेस से जुड़े थे। फिलहाल वह आप का समर्थन करते देखे जा सकते हैं।
आपको बता दें कि इससे पहले पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने अपनी दावेदारी के लिए जोरदार समर्थन अभियान चलाया था। इसी क्रम में उनके समर्थकों ने आप के दफ्तर पर कब्जा भी कर लिया था। ऐसा माना जा रहा है कि कुमार विश्वास के इन्हीं बगावती तेवरों के चलते पार्टी के नेताओं ने उनका नाम राज्यसभा के लिए खारिज कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications