दिल्ली में एक और श्रद्धा जैसा हत्याकांड, ब्वॉयफ्रेंड ने नाबालिग को 20 बार मारा चाकू
Shahbad dairy murder news: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में एक नाबालिग की हत्या कर दी गई। उसके ब्वॉयफ्रेंड ने उस पर 20 से ज्यादा बार वार किया। इसके बाद उसका सिर पत्थर से कुचल दिया।

दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है, जहां रोहिणी में 16 साल की लड़की को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। उसे उसके ब्वॉयफ्रेंड ने करीब 20 बार चाकू मारा और फरार हो गया। हालांकि बाद में उसे बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया। ये घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक मामला रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके का है। वहां पर एक लड़की गली से जा रही थी, तभी उसका ब्वॉयफ्रेंड वहां पहुंचा। उसने चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। वहां आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने उसको रोकने की कोशिश नहीं की।
मृतक लड़की की पहचान साक्षी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम साहिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों रिलेशन में थे। उनके बीच रविवार को झगड़ा हो गया, जिस पर आरोपी लड़की के ई-36 जेजे कॉलोनी के घर के पास पहुंचा। कुछ देर दोनों में कहासुनी हुई, उसके बाद उसने लड़की पर वार कर दिया।
करीब 20 बार वार करने के बाद चाकू लड़की के सिर में फंस गया, जिसके बाद आरोपी ने पत्थर उठाया और उससे उसका चेहरा कुचलने लगा। इस बीच किसी ने पुलिस को खबर दी, जिस पर एक टीम वहां पहुंची, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
वो वार करता रहा, लोग देखते रहे
उस गली से बहुत से लोग गुजर रहे थे, लेकिन किसी ने आरोपी को रोकने की कोशिश नहीं की। ऐसे में आरोपी बेखौफ होकर वार करता रहा। जब वो फरार हो गया, तो लोगों ने वहां जाने की हिम्मत जुटाई।
बर्थडे में जा रही थी साक्षी
एक चश्मदीद के मुताबिक साक्षी एक बर्थडे प्रोग्राम में जा रही थी, तभी गली के पास साहिल आ पहुंचा। दोनों में बहस हो रही थी, तभी उसने वार कर दिया।
क्या कह रही पुलिस?
मामले में दिल्ली पुलिस की पीआरओ डीसीपी सुमन नलवा ने कहा कि रविवार को शाहबाद डेयरी में एक हत्या का मामला सामने आया था। मामले में कई टीमें जांच कर रही हैं। आरोपी की पहचान हो गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
स्वाति मालीवाल ने पुलिस पर उठाए सवाल
वहीं दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि मैंने इतना डराने वाला केस कभी नहीं देखा। दिल्ली महिलाओं और बच्चियों के लिए बहुत ही असुरक्षित और असंवेदनशील है। जिस दिन इस देश की पुलिस व्यवस्था सुधर जाएगी, उस दिन किसी की हिम्मत नहीं होगी कि किसी भी महिला या बच्ची के खिलाफ कुछ भी कर जाए, आज जो हो रहा है वे पूरी तरह से कानून व्यवस्था की असफलता को दर्शाता है।












Click it and Unblock the Notifications