Chhindwara News: भाजपा में जाने की अटकलों को लेकर कमलनाथ ने मीडिया पर निकाली भड़ास, बोले- आप ही चलाते हो
17 से 19 फरवरी तक चली दलबदल की अटकलों के बाद पूर्व सीएम कमलनाथ मंगलवार को पहली बार छिंदवाड़ा पहुंचे। मीडिया ने उनसे पूछा- 'अटकलों पर कब विराम लगेगा? जवाब में कमलनाथ ने कहा, 'ये आप लोग ही कह रहे हैं। मेरे मुंह से कभी सुना। कोई इशारा हुआ। आप ही चलाते हो, फिर मुझसे पूछते हो। पहले आप चलाना बंद कीजिए।'
पूर्व CM छिंदवाड़ा में 5 दिन तक रहेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा करेंगे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'कांग्रेस जल्द उम्मीदवार घोषित करेगी। चर्चा चल रही है।'

कमलनाथ ने पहले की तरह ही दलबदल पर स्पष्ट कुछ नहीं कहा। उनके जवाब के बाद एक बार फिर यह चर्चा है कि उनके मन में क्या चल रहा है? पढ़िए दलबदल की वो अटकलें और तीन दिन का घटनाक्रम जो देशभर में चर्चा में रहा।
17 फरवरी को सुबह 11 बजे कमलनाथ और नकुलनाथ छिंदवाड़ा के उमरेठ में एक सभा में पहुंचे। यहां कमलनाथ ने अपने भाषण में कहा- "अंतिम सांस तक हम साथ मिलकर रहेंगे और विकास की एक नई यात्रा शुरू करेंगे।" इसके बाद नकुलनाथ के साथ भोपाल आए और दिल्ली रवाना हो गए। इससे कयासों को बल मिला। दरअसल, दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक चल रही थी। बैठक के दूसरे दिन यानी 18 फरवरी को कमलनाथ की पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की अटकलें लगाई जाती रहीं। यहां तक इसी दिन शाम पांच बजे उनके भाजपा में शामिल होने की भी बातें कहीं गईं।
कहा जाता है कि कमलनाथ के साथ 15 से ज्यादा विधायक, 4 मेयर और कई पूर्व विधायक भी जाएंगे। शाम 4 बजे तक बीजेपी दफ्तर में कोई सक्रियता नहीं थी। कमलनाथ दिल्ली में अपने बंगले पर ही रहे। फिर खबर आई कि कमलनाथ बीजेपी जॉइन नहीं करेंगे। नकुलनाथ और प्रियानाथ बीजेपी जॉइन करेंगे। इसे भी खबर आई कि कमलनाथ को राज्यपाल का विकल्प दिया गया है। नकुल को बीजेपी छिंदवाड़ा से टिकट देगी।
शाम करीब 5 बजे सज्जन सिंह वर्मा नाथ से मिलने उनके बंगले पर पहुंचे। घंटे भर बाद बाहर निकले। मीडिया से कहा- "ये सब अटकलें हैं। कमलनाथ जी कहीं नहीं जा रहे हैं। वे हम सबके नेता हैं।"
19 फरवरी को कमलनाथ-नकुलनाथ ने दिल्ली में सुबह 11 बजे अपने समर्थकों व विधायकों की बैठक ली। कहा- "मैंने कभी कहा ही नहीं कि मैं बीजेपी में जा रहा हूं। हालांकि, बंद कमरे में और क्या बात हुई, ये बाहर नहीं आई।"












Click it and Unblock the Notifications