महादेव सट्टेबाजी ऐप पर प्रतिबंध क्यों नहीं? सीएम बघेल ने मोदी सरकार से पूछा सवाल
छत्तीसगढ़ में चुनावी प्रक्रिया जारी है। इस बीच महादेव ऐप के मामले ने भी तूल पकड़ लिया है, जहां सीएम भूपेश बघेल पर बीजेपी ने गंभीर आरोप लगाए। जिस पर अब उन्होंने खुद मोदी सरकार पर पलटवार किया है। साथ ही उनसे सवाल पूछे।
महादेव ऐप से जुड़े सवाल पर सीएम बघेल ने कहा कि मैं केंद्र से पूछना चाहता हूं कि वे महादेव सट्टेबाजी ऐप पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगा रहे हैं और इसके निदेशक को गिरफ्तार क्यों नहीं कर रहे हैं। जब पैसा (ऐप से संबंधित) यहां पहुंचा तो सीमा शुल्क अधिकारी क्या कर रहे थे?

वहीं एक अन्य कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि पांच साल पहले मुझे षड्यंत्र से फंसाने की कोशिश डॉ. रमन सिंह ने की थी, उसी दिन से प्रदेश में भाजपा के पतन की शुरुआत हुई थी। अब ED के माध्यम से मेरे खिलाफ केंद्र सरकार षड्यंत्र कर रही है, उनके भी पतन की शुरुआत हो चुकी है। आप षड़यंत्रपूर्वक किसी को बदनाम करने की कोशिश करेंगे तो आपका पतन निश्चित है। छत्तीसगढ़िया लोग सीधे जरूर होते हैं, लेकिन न्यायप्रिय भी होते हैं।
खड़गे ने भी साधा निशाना
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका काम (भाजपा) लोगों को डरना और फंसना है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित करना है, लेकिन छत्तीसगढ़ में डरने वाले नेता और मतदाता नहीं है ,जो वह कर रहे हैं,कल उसका भी भुगतान करेंगे। खड़गे ने भाजपा के घोषणा पत्र पर भी अपनी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह कांग्रेस से कॉपी किया है।












Click it and Unblock the Notifications