छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन, सदन में गूंजा PDS में गड़बड़ी का मुद्दा, चावल घोटाले की होगी जांच
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन सत्ता पक्ष के विधायक धरमलाल कौशिक ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए चावल में गड़बड़ी का सवाल उठाया। भाजपा विधायक ने इस संबंध में जांच रिपोर्ट की जानकारी मांगी। कौशिक ने मंत्री दयालदास बघेल से जांच रिपोर्ट, भौतिक सत्यापन के साथ कार्रवाई के संबंध में जवाब मांगा।

धरमलाल कौशिक के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि, पिछली सरकार में तय समय पर सत्यापन नहीं किया गया था। इस पर भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक,अजय चंद्राकर ने सवाल उठाया कि आसंदी के निर्देश के बावजूद भौतिक सत्यापन नहीं किया गया, यह गंभीर विषय है। इस संबंध में कार्रवाई की जानी चाहिए। इस पर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा- आसंदी के निर्देशों का पालन होना चाहिए, जो भी मंत्री जवाब देने आएं,उन्हें इसकी चिंता करनी चाहिए।
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने आगे सवाल पूछा- 216 करोड़ के चावल की गड़बड़ी कैसे हो गई? गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध क्या कार्रवाई होगी? कौशिक ने पूछा कि क्या सदन की कमेटी से मामले की जांच कराई जाएगी? तभी वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी विधायक अजय चंद्राकर ने भी सवाल उठाया कि 216 करोड़ के घोटाले का दोषी कौन है? कितनी दुकानों की जांच हुई और कितने पर कार्रवाई की गई? इसके बाद रायपुर पश्चिम से भाजपा विधायक राजेश मूणत ने भी सार्वजानिक वितरण प्रणाली में गड़बड़ी पर सवाल पूछते हुए कहा कि केंद्र से आया चावल कहां गया? और लोग अपात्र कैसे हो गए?
अपने ही दल के विधायकों के सवालों से घिरे कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल ने राशन दुकानों में हुई अनियमितताओं को स्वीकार करते हुए कहा कि यह मेरे कार्यकाल में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। यह कांग्रेस सरकार के दौरान हुआ है। उन्होंने विधायकों की समिति से पीडीएस घोटाले की जांच कराने पर सहमति दी। यानि अब विधायकों की समिति कथित पीडीएस घोटाले में जांच करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications