Bijapur Naxal Attack: बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला, सुरक्षाबलों की गाड़ी IED से की ब्लास्ट, 9 जवान शहीद
Naxal Attack: बीजापुर जिले के कुटरू क्षेत्र में माओवादियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। 06 जनवरी 2025 को लगभग 14:15 बजे, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर के संयुक्त ऑपरेशन से वापस लौट रही सुरक्षा बलों की गाड़ी को माओवादियों ने IED ब्लास्ट से उड़ा दिया। इस हमले में दंतेवाड़ा DRG के 8 जवान और 1 ड्राइवर की शहादत की खबर है, जिससे कुल 9 जवान शहीद हो गए हैं।
यह घटना ग्राम अम्बेली के पास हुई, जो कुटरू थाना क्षेत्र में स्थित है। सुरक्षा बलों द्वारा घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। माओवादियों द्वारा किए गए इस हमले को लेकर प्रशासन और सुरक्षा बलों में गहरी नाराजगी है।

यह हमला कुटरू-वेदरी रोड पर अंबेली नाला के पास हुआ है। इस ब्लास्ट में कई जवान गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। सभी शहीद जवान DRG दंतेवाड़ा के बताए जा रहे हैं।
इससे पहले, शनिवार रात को अबूझमाड़ के जंगल में मुठभेड़ के दौरान एक DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए थे। इस मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला नक्सली समेत 4 माओवादियों को मार गिराया था।
20 फीट ऊंची उछल गई गाड़ी
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों को ये जानकारी थी कि कुटरू की दिशा से सुरक्षा बलों की गाड़ी गुजरने वाली है। इससे पहले ही उन्होंने घात लगाकर एंबुश तैयार कर लिया। जैसे ही गाड़ी पास पहुंची, नक्सलियों ने जोरदार आईईडी विस्फोट किया, जिससे पुलिस की पिकअप गाड़ी 20 फीट ऊंची उछल गई।
मीटिंग छोड़कर बीजापुर रवाना हुए DGP
विस्फोट के बाद घात लगाए बैठे नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी शुरू कर दी। इस हमले में 8 जवान और गाड़ी का ड्राइवर शहीद हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बस्तर आईजी सुंदरराज बीजापुर के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, रायपुर से डीजीपी अशोक जुनेजा भी एक अहम मीटिंग छोड़कर हेलीकॉप्टर से बस्तर के लिए निकल रहे हैं।
नक्सल ऑपरेशन से लौट रहे थे जवान
घटना स्थल से जवानों के शव लाने के लिए आसपास के जिलों से फोर्स की बैकअप पार्टी भेजी गई है। इस बीच, छत्तीसगढ़ के नक्सल चीफ विवेकानंद सिन्हा के मुताबिक बीजापुर के कुटरू इलाके में डीआरजी दंतेवाड़ा के जवान ऑपरेशन से लौट रहे थे, तभी नक्सलियों ने बारुदी सुरंग विस्फोट किया। उन्होंने जवानों की हताहत होने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे इस बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
2024 में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाइयाँ
तीन दिन पहले, गरियाबंद जिले के सोरनामाल जंगल में सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया था। इस ऑपरेशन में DRG और STF के करीब 300 जवान शामिल थे। सुरक्षाबलों ने ओडिशा की ओर से भी नक्सलियों को घेर लिया था, जिससे वे भागने में असमर्थ रहे।
यह भी पढ़ें Naxal Encounter: अबूझमाड़ में नक्सल मुठभेड़,अब तक 5 वर्दीधारी नक्सली ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी












Click it and Unblock the Notifications