आर्मी की वर्दी पहनकर पहुंचे लुटेरे, कर दी 60 लाख रुपये की डकैती, रायपुर में चुनाव के दिन बड़ा कांड
Raipur Robbery: रायपुर के पाश इलाके अनुपम नगर में नगरीय निकाय चुनाव के दिन दिनदहाड़े 60 लाख रुपये की डकैती हुई है। घटना करीब दोपहर 2:47 बजे की है, जब शंकर नगर के अनुपम नगर के डी-14 में पांच डकैत कार से पहुंचे। उनके साथ एक महिला भी थी और सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे। कार में कोई नंबर प्लेट नहीं थी। डकैतों ने एक-एक कर घर में प्रवेश किया और घर में मौजूद 71 वर्षीय प्रेमा वेल्लू, 67 वर्षीय रजनी वेल्लू और 70 वर्षीय मनोहरा वेल्लू को बंधक बना लिया।
डकैत आर्मी के ड्रेस में घर में घुसे और पिस्टल दिखाकर तीन बुजुर्गों को डराया धमकाया। उन्होंने कहा कि अगर शोर मचाया तो घर को बम से उड़ा देंगे। इसके बाद वे करीब 20 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस गैंग में एक महिला और चार पुरुष शामिल थे। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम जांच में जुटी हुई है। पीड़ित मनोहरा वेल्लू सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं, और उनकी दो बहनें शिक्षिका हैं। घटना के बाद परिवार के सदस्य सदमे में हैं और पूरी घटना से भयभीत हैं।

डकैतों ने पुलिस को चकमा देने के लिए चुना चुनाव का दिन
पुलिस को शक है कि डकैतों ने जानबूझकर चुनाव के दिन को चुना, क्योंकि इस दिन पूरे शहर में पुलिस की गाड़ियां घूम रही थीं, लेकिन यातायात पुलिस चौक-चौराहों पर नहीं रहती है। इस कारण डकैत बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ी लेकर आसानी से शहर में प्रवेश कर गए। इसके अलावा, डकैतों ने आर्मी की ड्रेस पहनी थी, ताकि पुलिस उन्हें पहचान न सके।
पीड़ितों का दावा, एक साल पहले बेची थी जमीन
पीड़ित मनोहरा वेल्लू ने बताया कि एक साल पहले उन्होंने विधानसभा स्थित सकरी में अपनी जमीन बेची थी और वही पैसे घर में रखे थे। उनका कहना था कि घर में पैसे की कोई नियमित आवक नहीं थी, इसलिए उन्होंने इतने पैसे रखे थे।
पुलिस को इस बात का शक है कि डकैतों को पीड़ितों के घर में पैसे होने की जानकारी पहले से थी। संभवतः इन लोगों ने घर की रेकी की थी और इसीलिए उन्होंने उसी घर को निशाना बनाया। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है।
पुलिस ने गठित की 15 सदस्यीय टीम, सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
डकैतों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 15 सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम में क्राइम ब्रांच और थाने की टीमें शामिल हैं। पुलिस ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें डकैत कार से उतरते हुए कैद हुए हैं। डाग स्क्वाड की टीम भी मौके पर पहुंची और उन्होंने 500 मीटर तक गाड़ी का पीछा किया, लेकिन बाद में डाग रुक गया।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव: मतदान का प्रतिशत 68.1% तक पहुंचा, रायपुर में 44.50% वोटिंग












Click it and Unblock the Notifications