PM मोदी की सभा के लिए लालबाग में बन रहा तीन विशाल पंडाल, जानिए PMO ऑफिस से लेकर ग्रीन रूम तक की खास बातें
PM Modi visit to Jagdalpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर जगदलपुर के लालबाग मैदान में तैयारियां जारी हैं। दो दिन बाद 3 अक्टूबर को जगदलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा होनी है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के नेता-कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। वहीं लालबाग मैदान में भी जोर-शोर से आमसभा की तैयारी की जा रही है। दूसरी तरफ पूरे शहर को चाक-चौबंद करने की कवायद भी जारी है।
जानकारी अनुसार एयरपोर्ट से लेकर लालबाग मैदान तक सड़क के दोनों तरफ बैरिकेटिंग की जाएगी, ताकि कोई भी पीएम मोदी के काफिले के बीच न आ सके। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा को देखते हुए बस्तर व केशलूर में पीएम के जगदलपुर आने से करीब 4 घंटे पहले गाड़ियों की आवाजाही रोक दी जाएगी। इन हालातों में पीएम मोदी के प्रवास के दौरान पूरा शहर छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा।

दूसरी तरफ लालबाग मैदान में 1.50 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में लगाए जा रहे विशालकाय तीन पंडालों में लोगों के बैठने के लिए 60 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई जा रही हैं। लालबाग मैदान में की जा रही तैयारियों की पूरी निगरानी लोक निर्माण विभाग के अफसर कर रहे हैं।
बन रहा 1.50 लाख वर्गफीट का पंडाल: लालबाग मैदान में आयोजित होने वाली आमसभा के लिए 3 विशालकाय पंडाल बनाए जा रहे हैं। हर पंडाल की चौड़ाई 100 फीट और लंबाई 500 फीट है, ऐसे में 50 हजार वर्गफीट का एक पंडाल बनाया गया है। तीनों पंडाल 1.50 लाख वर्गफीट का होगा, जहां करीब 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
पीएम के लिए बनाया जा रहा 1280 वर्गफीट का मंच
जिस मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम जनता को संबोधित करेंगे, वह करीब 1280 वर्गफीट का होगा। मंच से लगकर ही ऐसी भी व्यवस्थाएं होंगी, जहां ऐसे वीआईपी, जिन्हें मंच पर जगह नहीं मिली हो, उन्हें बैठने की व्यवस्था दी जाएगी।
मंच के पास ही बनेगा ग्रीन रूम
पीएम नरेंद्र मोदी के लिए बनाए जा रहे भव्य मंच के पास ही ग्रीन रूम होगा। जहां पीएम सहित अन्य वीवीआईपी व वीआईपी के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था होगी।
मंच से लगकर ही बनेगा अस्थाई पीएमओ दफ्तर: पीएम नरेंद्र मोदी के लिए बनाए जा रहे मंच से लगकर पीएमओ का अस्थाई दफ्तर भी स्थापित होगा, जिसमें तमाम व्यवस्थाओं के साथ ही पीएम की हॉटलाइन सहित अन्य इंतजाम किए जाएंगे। बताया जाता है कि पीएम के साथ-साथ उनका अस्थाई दफ्तर भी चलता है।
आम जनता के लिए लगाए जा रहे जंबो कूलर
आम जनता के लिए बनाए जा रहे पंडालों में गर्मी और उमस को देखते हुए जंबो कूलर की व्यवस्था भी की गई है। तीनों पंडालों में 60 से ज्यादा जंबो कूलर लगाए जा रहे हैं।
पूरे लालबाग मैदान की बैरिकेटिंग की जा रही
पीएम नरेंद्र मोदी की सभा के लिए पूरे लालबाग मैदान को बैरिकेटिंग कर घेरा जा रहा है, जहां कोई भी मैदान में कहीं से भी दाखिल नहीं हो पाएगा। मैदान में बैरिकेटिंग पूरी करने के बाद चारों तरफ ऊंचे-ऊंचे कनात लगाए जाएंगे, जिससे मैदान के अंदर की गतिविधियों को भी बाहर से न देखा जा सके। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ये व्यवस्था करवाई जा रही है।
घर-घर पहुंचकर लोगों को मोदी की सभा के लिए आमंत्रित कर रहे भाजपा नेता-कार्यकर्ता
दूसरी ओर पीएम नरेंद्र मोदी की आमसभा के लिए घर-घर पहुंचकर भाजपा नेता व कार्यकर्ता आमंत्रण देने में जुटे हुए हैं। इसके लिए बाकायदा आमंत्रण पत्र भी छपकर प्रदेश कार्यालय से जगदलपुर भेजे गए हैं। भाजपा के नेता प्रधानमंत्री मोदी की सभा में करीब डेढ़ लाख लोगों को जुटाने का दावा कर रहे हैं।
इसी बीच शहर के डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड में निगम के नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे के साथ बूथ समिति के कार्यकर्ताओं ने घर-घर दस्तक देकर लोगों को आमसभा के लिए आमंत्रित किया। यही सिलसिला शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जारी है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications