अग्निपथ योजना का विरोध या साजिश, क्या सरकार करवायेगी NIA से जांच?
भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णुदेव साय ने अग्निपथ स्कीम में विरोध में युवाओ की तरफ से की गई हिंसा के विरोध का हवाला देते हुए NIA से हिंसक घटनाओ की जांच करने की मांग की है।
रायपुर, 29 जून।अग्निपथ योजना को लेकर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर नजर आ रहे है। इस बीच भाजपा को भी कांग्रेस पर पलटवार करने का मौका मिल गया है। दरअसल यह मौका कांग्रेस के एक विधायक की तरफ से अग्निपथ भर्ती स्कीम के विरोध में देशभर के कई राज्यों में हुए हिंसक प्रदर्शनो का समर्थन करने की वजह से मिल गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने अग्निपथ स्कीम में विरोध में युवाओ की तरफ से की गई हिंसा के विरोध का हवाला देते हुए NIA से हिंसक घटनाओ की जांच करने की मांग की है। अब सवाल यह उठ तहे हैं कि क्या वाकई में केंद्र सरकार हिंसक घटनाओ की जांच NIA से करवाएगी?

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी के एक भड़काऊ बयान का ज़िक्र करते हुए एनआईए को एक पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि कांग्रेस के विधायक मंडावी आदिवासियों को देश के खिलाफ हिंसा के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने NIA के निदेशक को पत्र लिखकर कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के बयान को चिंताजनक बताया है। साय ने विक्रम मंडावी के भाषण का ज़िक्र करते हुआ पत्र में लिखा है कि देश में अग्निपथ योजना के खिलाफ हिंसा भड़काने का षड़यंत्र रचा जा रहा है। राष्ट्रविरोधी ताकताें के इशारे पर उपद्रव, तोड़फोड़ और आगजनी की जा रही है। इसी तारतम्य में नक्सल हिंसा प्रभावित प्रदेश छत्तीसगढ़ के संवेदनशील क्षेत्र बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने अग्निपथ के विरोध में बाकि राज्यों जैसी हिंसा करने का निर्देश अपने भाषण में दिया है। वह नक्सल हिंसा से जूझ रहे मासूम आदिवासियों को भारत के खिलाफ हिंसा करने के लिए उकसा रहे हैं, भड़का और दुष्प्रेरित कर रहे हैं। यह काम स्पष्ट तौर से देशद्रोही है।

विष्णुदेव साय ने आगे लिखा है, देश की संपत्ति को आग लगाने का आह्वान करने वाले विधायक के विरुद्ध राष्ट्रीय जांच एजेंसी को खुद से संज्ञान लेना चाहिए। भाजपा नेता ने कांग्रेस विधायक के बयान के आधार पर देश में हुई हिंसा में कांग्रेस की भूमिका होने का आरोप लगाकर मामले की जांच करने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि सोमवार को बीजापुर में अग्निपथ योजना को लेकर कांग्रेस की आयोजित सत्याग्रह आंदोलन के दौरान विधायक विक्रम मंडावी ने मंच से कहा कि जैसे बिहार में युवा गाड़ी जलाकर अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे हैं, इसी तरह से सभी जगह विरोध होना चाहिए। इतना ही नहीं कांग्रेस विधायक विधायक विक्रम मंडावी ने यह भी कहा कि अग्निपथ योजना के विरोध का हम भी समर्थन करते हैं और सड़क पर उतर कर विरोध करेंगे।
विक्रम मंडावी का युवाओ की तरफ से गाड़ी जलाये जाने का समर्थन करता वीडियो सोशल मीडिया जमकर वायरल हुआ जिसके बाद वह भाजपा नेताओ के निशाने पर आ गए हैं। छत्तीसगढ़ भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कांग्रेस विधायक के विवादित बयान का वीडियो ट्वीटर पर शेयर करते हुए कार्रवाई की मांग की थी ।












Click it and Unblock the Notifications