छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में ड्यूटी करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का होगा फ्री इलाज
Chhattisgarh Lok Sabha Elections: छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदेश के सरकारी चिकित्सालयों में निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने शुक्रवार को ये आदेश जारी किया है। राज्य के शासकीय अस्पतालों में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं होने अथवा आपातकालीन स्थिति के लिए अधिकारी-कर्मचारी राजधानी रायपुर के 3 तथा राज्य के बाहर 2 निजी अस्पतालों में अपना इलाज करा सकेंगे।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ लोकसभा आम निर्वाचन 2024 को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आयोग के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निर्वाचन कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए राज्य के समस्त शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कुछ सरकारी अस्पतालों को चिन्हित किया
शासकीय अस्पतालों में आवश्यक सुविधा उपलब्ध न होने की स्थिति में अथवा आपातकालीन स्थिति के लिए फ्री चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए विभाग ने कुछ सरकारी अस्पतालों को चिन्हित किया है।
विभाग द्वारा चिन्हित सरकार अस्पताल
जिसमें रायपुर के श्री बालाजी अस्पताल मोवा, श्री नारायणा अस्पताल देवेन्द्र नगर रायपुर तथा रामकृष्ण केयर अस्पताल पचपेड़ी नाका रायपुर में चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का इलाज होगा। ऐसे ही हैदराबाद स्थित केयर हॉस्पिटल तथा विशाखापट्टनम स्थित अपोलो अस्पताल में इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।
निर्वाचन से जुड़े इन लोगों को मिलेगा फ्री इलाज
स्वास्थ्य विभाग ने अपने आदेश में कहा है कि निर्वाचन कार्य में शामिल शासकीय अधिकारी-कर्मचारी एवं अशासकीय अधिकारी-कर्मचारी तथा सुरक्षा बलों एवं स्टाफ के उपचार की सुविधा जिले के शासकीय चिकित्सालयों में उपलब्ध ना होने की स्थिति में जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य नोडल एजेंसी, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा इन चिकित्सालयों में रिफर किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications