छत्तीसगढ़: नारायणपुर में नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट, BSF के दो जवान घायल
Narayanpur News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां नक्सलियों ने एक आईईडी ब्लास्ट किया है, जिसके परिणामस्वरूप बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए हैं। यह घटना शुक्रवार सुबह की है, जब जवानों की रोड ओपनिंग पार्टी (ROP) गारपा से निकली हुई थी।
इस दौरान नक्सलियों ने इलाके में आईईडी दबाकर रखी थी। जैसे ही एक जवान का पैर आईईडी पर पड़ा, उसमें ब्लास्ट हो गया। इस धमाके में बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए। दोनों जवानों का इलाज किया जा रहा है। नारायणपुर पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है।

नारायणपुर के एसपी प्रभात कुमार ने जानकारी देते हुए कहा, "आईईडी ब्लास्ट होने से दो जवान घायल हुए हैं। इस बारे में और अधिक जानकारी थोड़ी देर बाद दी जाएगी।" बस्तर के विभिन्न इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। हालात बेकाबू होते जा रहे हैं, और नक्सली जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी ब्लास्ट कर रहे हैं।
नक्सलियों के खिलाफ मिली बड़ी सफलता
इससे पहले गुरुवार को इस इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने करीब दर्जनभर नक्सलियों को मार गिराया है। छत्तीसगढ़ में बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए। यह मुठभेड़ दंतेवाड़ा जिले में हुई, जहां सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications