छत्तीसगढ़ में मोदी की तीसरी गारंटी पूरी, किसानों को मिला 2 साल के धान का बकाया बोनस
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार ने मोदी की गारंटी का तीसरा वादा सुशासन दिवस के अवसर पर पूरा कर दिया है। सीएम विष्णुदेव साय ने सोमवार को अभनपुर के ग्राम बेन्द्री में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 12 लाख से अधिक किसानों को दो साल के धान के बकाया बोनस के रूप में 3716 करोड़ रूपए की राशि उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की। उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदेंगे। जरूरत पड़ने पर समर्थन मूल्य में धान खरीदी की अवधि भी बढ़ाई जाएगी।

सीएम साय ने कहा कि मोदी की गारंटी के अंतर्गत हमने दो साल के बकाया बोनस के भुगतान का वायदा किया था और इसे आज अटल जी की जयंती सुशासन दिवसर पर पूरा कर दिया गया है। हमारी कथनी-करनी समान है। छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत ऐतिहासिक है। आज किसानों के बैंक खाते में बोनस की राशि पहुंच गई है। कई किसानों को तो दो लाख से ज्यादा की राशि मिली है। किसानों में बहुत खुशी है। हमने प्रदेश की जनता से जो भी वादा किया है,वह सभी वादे पूरे किए जाएंगे।
सीएम साय ने कहा कि हमने शपथ लेने के अगले ही दिन कैबिनेट की बैठक में गरीबों के 18 लाख आवासों के निर्माण की मंजूरी दी। इससे उन लोगों को आवास मिल सकेगा जो पिछले 5 साल में आवास से वंचित रहे थे। पिछले 5 सालों में कुछ लोगों ने पीएम आवास की एक किश्त मिलने पर मकान का काम तो शुरू किया था, फिर दूसरी, तीसरी किश्त नहीं मिली तो कई बेघर रह गए, किसी ने कर्ज लेकर मकान बनवाया। हमने ऐसे बेघर लोगों की चिंता की है और उन्हें आवास देने का फैसला लिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मोदी की गारंटी के अंतर्गत जो भी वादा हमने किया है। सभी वादे पांच साल के अंतर्गत पूरा करेंगे। हमने वायदा किया है कि जो विवाहित महिलाएं हैं उनके खाते में हर माह एक हजार रुपए महतारी वंदन योजना के अंतर्गत देंगे। इसके लिए भी हमने अनुपूरक बजट में प्रावधान कर दिया है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैसकार्ड धारी परिवारों को 500 रुपए में सिलेंडर देने का भी काम करेंगे। भूमिहीन कृषि मजदूरों को एक साल में दस हजार रुपए देने का काम करेंगे। विभिन्न विभागों के एक लाख खाली पदों को पूरी पारदर्शिता के साथ भरेंगे।












Click it and Unblock the Notifications